फतेहपुर में बच्चे की कुकर्म के बाद हत्या

 खोजबीन के दौरान आरोपी के गिरे घर से शव बरामद

फतेहपुर।
फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में सात साल के बच्चे की कुकर्म के बाद पड़ोसी ने हत्या कर दी। उसके बाद शव को अपने ही गिरे घर में आधा गाड़ दिया। खोजबीन के दौरान मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना पर एसपी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला सात साल का बच्चा कक्षा दो में पढ़ता था। बच्चा घर से सोमवार दोपहर करीब दो बजे निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन बच्चे की खोजबीन में जुटे रहे, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। तभी कुछ लोगों ने बच्चे को मंदिर के पास शिवपूजन पांडेय उर्फ श्यामू (35) के साथ देखने की बात परिजनों को बताई। परिजन शिवपूजन से पूछताछ करने पहुंचे। शिवपूजन ने बच्चे से गुटखा मंगाने की बात कबूली। उसके बाद बच्चे के घर चले जाने की बात कही।
उसकी बात पर यकीन कर परिजनों ने गांव के कुछ घरों में बच्चे की तलाश की। कोई पता नहीं लगने पर करीब रात आठ बजे असनी पुलिस चौकी में सूचना दी। गांव के लोगों के साथ सुबह परिवार ने फिर खोजबीन शुरू की। गांव से शिवपूजन पांडेय गायब था। संदेह होने पर शिवपूजन के गिरे घर में ग्रामीण पहुंचे। दरवाजे के पास गड्ढे में औंधे मुंह बच्चे का आधा गड़ा शव मिला। यह देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बच्चे के सिर, मुंह, नाक और नाजुक अंगों में चोट के निशान पाए गए। शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर मौके पर पहुंचे। शिवपूजन की खोजबीन चालू की गई।
वह बहन को बाइक से लेकर घर लौट रहा था। तभी गांव के पास उसे पुलिस ने पकड़ लिया और थाने ले गई। बच्चे के बाबा ने बताया कि शिवपूजन शराब, गांजा, भांग के नशे का लती है। उसने पौत्र को अगवा करने के बाद कुकर्म किया। राज खुलने के डर से हत्या कर दी और शव को गाड़ दिया। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कुकर्म के बाद हत्या की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जघन्य अपराध के लिए आरोपी को फांसी की सजा दिलाई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts