दस्तक अभियान शुरू, स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर करेंगे जागरूक

 बीमार व्यक्तियों को किया जाएगा चिन्हित

संचारी रोगों के अधिक खतरे वाले इलाकों में दस्तक अभियान के तहत होगी फॉगिंग

मुजफ्फरनगर, 16 जुलाई 2022। मच्छर जनित रोग डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि से बचाव के लिए संचारी रोग नियंत्रण के तहत दस्तक अभियान शनिवार से शुरू हो गया। ब्लॉक शाहपुर में रैली निकालकर लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया -अभियान को चलाने का उद्देश्य संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए जनता को जागरूक करना है। रोगों से कैसे बचा जा सकता है इसके लिए 31 जुलाई तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इसी के तहत शनिवार को ब्लॉक शाहपुर में स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। उन्होंने बताया -अभियान के तहत जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संचालित होगा, जो घर-घर दस्तक देकर लोगों से बीमारियों के प्रति जानकारी लेगी।

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया - इस अभियान में संचारी रोगों के अधिक खतरे वाले इलाकों में दस्तक अभियान के दौरान घर-घर जाकर सर्वे टीमों के सर्वेक्षण के आधार पर चिन्हित क्षेत्रों में फॉगिंग की जाएगी। इसमें मेडिकल टीमें घर-घर जाकर संक्रामक रोगों से ग्रस्त मरीजों की पहचान करेंगी। इस टीम में आशा वर्कर के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहेंगे। टीम की मदद से रोगियों को चिन्हित कर उन्हें दवा दी जाएगी और जरूरी होने पर अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। इसके अलावा अभियान में कुपोषित बच्चों की जानकारी जुटाने का निर्देश भी दिया गया है। दस्तक अभियान के तहत टीबी के लक्षण वाले मरीजों को खोजकर उनकी जांच कराई जाएगी।

जिला वेक्टर जनित रोग (परामर्शदाता) अहतिशाम खान ने बताया - दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए 12 टीमें काम करेंगी, जिसमें तीन सुपरवाइजर हैं। 2122 आशा व 2274 आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। जो जनपद के प्रत्येक नौ ब्लॉक (जानसठ, खतौली, चरथावल, बघरा, पुरकाजी, मोरना, सदर-कूकड़ा, बुढ़ाना, शाहपुर) में घर-घर जाकर बीमार मरीजों को चिन्हित करेंगी और उनकी सूची बनाकर विभाग को सौंपेंगी। प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्र में पांच मलेरिया इंस्पेक्टर को लगाया गया है जो अभियान के तहत गांव में काम कर रहे हैं और लोगों को जागरूकता का संदेश दे रहे है।

अभियान चलाकर किया जायेगा सर्वे

31 जुलाई तक दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर बीमार व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा। इसके साथ ही बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए अभियान चलाकर सर्वे किया जायेगा। स्वास्थ्य कर्मी उपचार के लिए लोगों को जागरूक करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts