डेंगू दिवस पर डेंगू के लक्षण, बचाव एवं उपाय के बारे में किया जागरूक
मुज़फ्फरनगर, 16 मई 2022।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शाहपुर ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं/ बालिकाओं को डेंगू से बचाव, लक्षण एवं उपचार के विषय में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह व प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार के निर्देशन में डॉ राजीव कुमार (प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट पीठ) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ राजीव कुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति/ प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट पीठ द्वारा महात्मा बुद्ध के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
डॉ राजीव कुमार ने बताया बुद्धपूर्णिमा के अवसर पर छात्राओं एवं बालिकाओं को डेंगू के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा स्वच्छता में ही भगवान बसते हैं। अपने रहने की जगह और उसके आस पास के इलाकों में सम्पूर्ण स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए। अपने आसपास की जगहों को साफ रखने से आप मच्छरों को सरलता से दूर रख सकते हैं। इसके अलावा डेंगू से संबंधित किसी भी लक्षण को देखते हैं तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और बताए गए उपचार का निर्देशानुसार पालन करें।
इस दौरान जनजागरूकता कार्यक्रम में डेंगू से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सफल छात्राओं क्रिस्टल, वंशिका, कसक, अक्षरा, मनीषा, रीना व अलीशा को पुरस्कृत किया गया। जन जागरूकता कार्यक्रम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य कविता, नेहरू युवा केंद्र से कुरुषी व बाल विकास व पुष्टाहार विभाग से ममता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में अलीशा व अन्य बालिकाओं द्वारा जन जागरूकता का एक गीत भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ राजीव कुमार द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शाहपुर की वार्डन गीता को महात्मा बुद्ध का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक रीना सैनी व गीता का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment