देश को आईटी हब बनाने में राजीव गांधी का विशेष योगदान

 मेरठ। आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने उनको पुष्प अर्पित किए। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकृष्ण वर्मा ने बताया कि भारत को 21वी सदी में ले जाने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता अखण्डता, युवाओं के उत्थान, पंचायती राज के सशक्तिकरण,युवाओं को 18 वर्ष में मताधिकार देने, देश में कम्प्यूटर क्रांति लाकर देश को आईटी हब बनाने में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का विशेष योगदान रहा है। इसके अलावा देश हित में लिए गए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के क्रान्तिकारी निर्णय आज भी देश को लाभ पहुंचा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री के निर्णयों पर कांग्रेसियों ने प्रकाश डाला और उनके बताये हुए रास्तों पर चलकर उनके अधूरे कार्यो को पूरा करने का प्रण लिया।
 पार्टी कार्यालय बुढ़ाना गेट पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अवनीश काजला व शहर अध्यक्ष ज़ाहिद अंसारी ने की। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि ऊँची सोच,दूरदर्शी सोच का नाम राजीव गांधी था। आज देश में जो संचार क्रान्ति नजर आती हैं। राजीव गांधी जी के कारण ही सम्भव हुई हैं। राजीव गांधी देश सबसे युवा प्रधानमंत्री थे।
शहर अध्यक्ष ज़ाहिद अंसारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मताधिकार देकर व शिक्षा का नवीनीकरण कर युवाओं की दिशा बदलने का ऐतिहासिक कदम राजीव जी ने उठाया। जिस के कारण देश का युवा वर्ग देश ही नही विश्व मे भारत की पहचान बना हुआ है। पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में डॉ यूसुफ कुरैशी, मोनिंदर सूद, हरिकिशन अम्बेडकर, महेन्द्र शर्मा, नवनीत नागर आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts