भारत ने थामस कप जीत रचा इतिहास

 पीएम समेत पूरे देश ने दी बधाई
14 बार की चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराया

नई दिल्ली (एजेंसी)।
भारतीय बैडमिंटन टीम ने थामस कप को जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया है। भारत के क्लीन स्वीप के चलते 14 बार का चैंपियन इंडोनेशिया एक भी मैच जीत नहीं सका।
पहले मैच में लक्ष्य सेन ने एंथोनी सिनिसुका को हराया। वहीं दूसरा मुकाबले में डबल्स में सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने जीत दर्ज की। तीसरा और निर्णायक मैच सिंगल्स का रहा, जिसमें किदांबी श्रीकांत ने जोनातन क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। इस बीच थामस कप में गोल्ड पाने के बाद ट्विटर पर भी बधाईयों का दौर शुरू हो गया है। ट्विटर यूजर अलग-अलग अंदाज में मजेदार ट्वीट कर टीम इंडिया को बधाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत द्वारा थामस कप जीतने के बाद बधाई दी है। पीएम ने ट्वीट किया कि हमारी कुशल टीम को बधाई और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने भी किया ट्वीट
थामस कप में भारत की जीत पर राष्ट्रपति कोविन्द ने भी टीम को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने लिखा है कि थामस कप की पहली जीत के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम को हार्दिक बधाई।
क्रिकेटर लक्ष्मण बोले- हमें तुम पर गर्व है
क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी भारतीय टीम को बधाई दी है। लक्ष्मण ने ट्वीट किया कि हमारे पास व्यक्तिगत चैंपियन हैं लेकिन एक टीम के रूप में जीतना और थामस कप में पहली बार खिताब जीतना असली है।
अनुराग ठाकुर ने ट्विटर से इनाम का किया ऐलान
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी टीम इंडिया को थामस कप जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर टीम को 1 करोड़ के नकद पुरस्कार का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा इस अद्वितीय उपलब्धि पर टीम को 1 करोड़ के नकद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है! बधाई हो टीम इंडिया।
विराट बोले-भारतीय बैडमिंटन के लिए एक बड़ा क्षण
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी बैडमिंटन टीम को बधाई देने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने ट्वीट किया कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि और भारतीय बैडमिंटन के लिए एक बड़ा क्षण। थॉमस कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts