सहारनपुर के पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट

- दो कर्मचारी घायल, पुलिस मौके पर पहुंची
सहारनपुर।
सहारनपुर के बेहट थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव सतपुरा के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े 6 बजे अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पटाखा फैक्ट्री के गोदाम की छत भी फट गई। उस समय सुबह की शिफ्ट में फैक्ट्री में लगभग आठ लोग काम कर रहे थे। धमाका होते ही इनमें भगदड़ मच गई। जिसमें दो कर्मी घायल हो गए।
गौरतलब है कि दो सप्‍ताह पहले ही सहारनपुर में एक अन्‍य पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्‍फोट में पांच लोगों की जान चली गई थी। अब बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव सतपुरा के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद अफरातफरी मच गई।
घायलों में एक का नाम सोनू बताया गया है। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया। सूचना मिलने पर थाना बिहारीगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल सचिन कुमार ने बताया कि जहां विस्फोट हुआ है उस गोदाम की छत पत्थर की बनी हुई थी। जो चकनाचूर हो गई है। इस फैक्ट्री में विस्फोट की यह तीसरी घटना है।
पहले जा चुकी है पांच लोगों की जान
सहारनपुर। इसके पहले भी सहारनपुर में एक अन्‍य पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्‍फोट में पांच लोगों की जान चली गई थी। पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में मारे गए चार युवकों के स्वजन को सरकार की तरफ से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की गई थी। वहीं, घायल युवक को स्वजन 50 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि मृतक फैक्ट्री के मालिक राहुल को कृषि बीमा योजना के तहत मुआवजा दिया जाएगा, क्योंकि राहुल के नाम पर जमीन है। राहुल को कितना मुआवजा मिलेगा, यह अभी तय नहीं है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts