आंध्र और ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा 'असानी'

- भारी बारिश की चेतावनी, उड़ानें हुई रद
नई दिल्ली (एजेंसी)।

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर दिखना शुरू हो गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात 'असानी' के अगले कुछ घंटों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। वरिष्ठ आईएमडी वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि आज तक पश्चिम राजस्थान और विदर्भ में लगभग 7-8 स्टेशनों पर 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। लू चल रही है और यह अगले 3-4 दिनों तक जारी रहेगी। पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू की स्थिति बन सकती है।  
13 से 14 मई तक दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लू की स्थिति विकसित हो सकती है। एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 16 मई के आसपास आ रहा है, और उसके बाद दिल्ली में बारिश की संभावना है। 'असानी' चक्रवात अब पूर्व की ओर बढ़ गया है, यह अब मछलीपट्टनम के पूर्व में है।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट
चक्रवात असानी के चलते खास तौर पर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के पुरी के एडिशनल एसपी मिहिर कुमार पांडा ने बताया, असानी के कारण तेज हवाएं चल रही हैं और ऊंची लहरें उठने लगी हैं। इसके मद्देनजर तटीय क्षेत्रों के आसपास रह रहे लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।
कल से कमजोर होगा तूफान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 12 मई की सुबह तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान कमजोर होने लगेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य पर गंभीर चक्रवाती तूफान 'असानी' पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, धीरे-धीरे यह चक्रवाती तूफान कमजोर हो रहा है।
इंडिगो ने रद्द की सभी उड़ानें
असानी चक्रवात के चलते इंडिगो ने अभी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के निदेशक श्रीनिवास राव ने बताया कि सभी उड़ानों को रद्द किया गया है। वहीं एयर एशिया ने भी बेंगेलूरू और दिल्ली की उड़ान को रद्द किया है। वहीं एयर इंडिया ने अभी तक इस पर फैसला नहीं लिया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts