- ज्ञानवापी मस्जिद विवाद

 दूसरे दिन का काम पूरा, आज भी होगा सर्वे

 नक्काशीदार गुंबदों सहित तीन कमरों की हुई फोटोग्राफी

वाराणसी (सतीशचंद शुक्ला)।
एडवोकेट कमिश्नर ने दूसरे दिन रविवार को ज्ञानवापी के नक्काशीदार गुंबदों सहित तीन कमरों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान परिसर के चप्पे-चप्पे की फोटोग्राफी हुई। दक्षिणी और उत्तरी हिस्से के अलावा बचे हुए पश्चिमी दीवार और मस्जिद के ऊपर के हिस्से में भी सर्वे की कार्रवाई की गई है।
हालांकि सर्वें में क्या-क्या मिला, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं है। लेकिन कयासों का दौर तेज हो गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रख रही है। शनिवार के मुकाबले आज सुरक्षा व्यवस्था ज्यादा सख्त रही। सूत्रों के अनुसार अधिवक्ता आयुक्त (कोर्ट कमिश्नर) समेत वादी-प्रतिवादी पक्षों के कुल 52 सदस्यों ने परिसर में प्रवेश किया। दोपहर एक बजे के बाद एडवोकेट कमिश्नर व उनकी टीम और वादी-प्रतिवादी पक्ष के लोग परिसर से बाहर निकले। आज भी सर्वे का काम पूरा नहीं हो पाया।
वादी पक्ष के अधिवक्ता हरिशंकर जैन और सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सर्वे सोमवार को भी होगा। आज सर्वे में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई। वहीं टीम के निकलने के बाद गोदौलिया-मैदागिन मार्ग को खोल दिया गया। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने कहा कि कमीशन की कार्रवाई शांतिपूर्वक माहौल में सुचारू रूप से चली। कोर्ट कमीशन द्वारा रविवार के सर्वे के उपरांत निर्णय लिया गया है कि ये कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।  वहीं टीम के निकलने के बाद गोदौलिया-मैदागिन मार्ग को खोल दिया गया।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। बताया कि आज सुरक्षा थोड़ी और बढ़ा दी गई है। जो दर्शनार्थी बाहर से आए हैं उन्हें दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए भी विशेष ध्यान दिया गया । शनिवार की तरह आज भी सभी के मोबाइल बाहर ही जमा करवा लिए गए।
कार्रवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष का पूरा सहयोग मिला। तहखाने के अंदर की बनावट, धार्मिक चिह्न, कलाकृतियों और खंभों की वीडियोग्राफी भी करवाई। चार घंटे तक चली कार्यवाही के बाद टीम के सदस्य एक-एक करके 12 बजे से पहले ही मस्जिद परिसर से बाहर निकल आए। सर्वे की रिपोर्ट 17 मई को अदालत में पेश की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts