गुड फ्राइडे पर चर्च में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन

मेरठ। गुड फ्राइडे के पावन पर्व पर शहर के विभिन्न चर्चों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रार्थना करने पहुंचे। सुबह से ही चर्च में सफाई कर उन्हें सजाया गया। दोपहर में प्रार्थना के दौरान चर्च में प्रभु यीशू मसीह द्वारा सलीब पर बोले गए सात वचनों का वर्णन किया गया। महानगर और ऐतिहासिक सरधना चर्च समेत विभिन्न गिरजाघरों में प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।
   रुड़की रोड स्थित सेंट पॉल मेथोडिस्ट चर्च में सचिव अखिल कौशिक ने प्रार्थना कराई। क्रॉस की कथा के संदर्भ में गीत भी गाए गए। यहां प्रार्थना मसीह प्रकाश ने की। सेंट मेथोडिस्ट चर्च में भी प्रार्थना कराई गई। सेंट पॉल चर्च में डीपी लाल ने प्रार्थना कराई। सेंट थॉमस चर्च में में भी प्रार्थना कराई गई।
   दूसरी तरफ सरधना के ऐतिहासिक चर्च में गुड फ्राइडे के मौके पर विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस दौरान ईसाई धर्मावलंबियों ने प्रभु यीशु के दुखों को याद करते हुए उपवास रखा। चर्च में फादर पाक्य नाथन एवं फादर ससिन बाबू द्वारा प्रार्थना कराई गई। चर्च के प्रवेश द्वार से दोनों ओर लगाई गई प्रभु यीशु के सलीब पर चढ़ाने के सफर को दर्शाती 14 मुकाम की प्रतिमाओं के समक्ष विशेष प्रार्थना कराई गई। विशेष प्रार्थना में सभी दुखी, बीमार, लाचार व गरीबों के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान पवित्र क्रूस की उपासना की गई। इसके बाद विश्वासीगणों को परम प्रसाद का वितरण किया गया। चर्च में सैकड़ों श्रद्धालुगण मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts