रूस ने किया सीजफायर का एलान

 फंसे हुए लोगों को निकालने में करेगा मदद
नई दिल्ली (एजेंसी)।यूक्रेन में दस दिनों तक चली लड़ाई के बाद आखिरकार रूस सीजफायर के लिए तैयार हो गया है। रूस की तरफ से इसका एलान कर दिया गया है। रूस ने यहां तक कहा है कि वो अब मानवीय आधार पर वहां फंसे लोगों को निकालने में मदद करेगा। इससे पहले कहा गया था कि रूस की सेना कीव के काफी नजदीक आ गई थी।
यूक्रेन पर रूस के हमले के दसवें दिन सुबह से ही कीव और आसपास के क्षेत्रों में घमासान मचा रहा। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में रूस ने दावा किया था कि 7,000 से अधिक विदेशी नागरिकों को यूक्रेन ने बंधक बना लिया है। रूस का दावा था कि यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में फंसे इन सात हजार से अधिक नागरिकों में 3700 से अधिक भारतीय हैं। रूस ने इनके अलावा वियतनाम, चीन और घाना के तीन हजार से अधिक नागरिकों को जबरन रोकने का आरोप लगाया था।
रूस का कहना था कि उसकी बसें इन नागरिकों को बाहर निकालने के लिए तैयार हैं किन्तु यूक्रेन के लोग उन्हें छोड़ नहीं रहे । इस बीच रूस को विदेशी नागरिकों को बाहर निकालने के लिए मानवीय गलियारा खोलने का दबाव झेलना पड़ा।
इस पर शनिवार को रूस ने यूक्रेन में सुबह छह बजे यानी भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11:30 बजे से युद्धविराम की घोषणा की है। इस दौरान यूक्रेन के युद्ध क्षेत्र में फंसे भारतीय और अन्य विदेशी नागरिकों की सुरक्षित निकासी की जा सकेगी। रूस की आधिकारिक समाचार एजेंसी स्पतुनिक ने ट्वीट कर इस फैसले की पुष्टि की। स्पुतनिक के मुताबिक आम नागरिकों के लिए मानवीय गलियारा खोलने की दृष्टि से रूस ने युद्ध विराम की घोषणा की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts