पंजाब में सारे बड़े दिग्गज हारे, काम किया केजरीवाल माडल

 कैप्टन अमरिंदर, सिद्धू, सुखबीर संग चन्नी भी हारे
अरुण खोसला
जालंधर।पंजाब में आम आदमी पार्टी की सुनामी में कई बड़े दिग्गज धराशायी हो गए हैं। इसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, डिप्टी सीएम ओपी सोनी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तक के नाम शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी पंजाब में स्पष्ट बहुमत से गदगद है। आप संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में सीएम चेहरे भगवंत मान के साथ एक फोटो शेयर कर अपनी खुशी जताई। केजरीवाल ने लिखा कि इस इंकलाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई।
आप पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब अब से 'उड़ता पंजाब' के नाम से नहीं जाना जाएगा, बल्कि 'उठता पंजाब' होगा।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने पंजाब में आप को बढ़त पर कहा कि पंजाब ने केजरीवाल के शासन मॉडल को मौका दिया है। आज उनके शासन का मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो चुका है। यह आम आदमी की जीत है।
चरणजीत सिंह चन्नी : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इस बार दो सीटों से चुनावी मैदान में थे। भदौड़ और चमकौर साहिब दोनों सीटों से वह हार गए हैं। चन्नी को चमकौर साहिब से आम आदमी पार्टी के चरणजीत ने हराया है। वहीं, भदौड़ से लब सिंह ने चन्नी को बुरी मात दी है। चन्नी को भदौड़ से हराने वाले लब सिंह एक मोबाइल रिपेयर करने वाली दुकान में काम करते हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू : अमृतसर ईस्ट से पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी हार गए हैं। सिद्धू को आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत कौर ने करारी शिकस्त दी है।
ओपी सोनी : पंजाब के डिप्टी सीएम ओपी सोनी अमृतसर मध्य से मैदान में थे। उन्हें आम आदमी पार्टी के अजय गुप्ता ने हरा दिया है।
अमरिंदर सिंह : पटियाला से पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के मुखिया कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी अपनी कुर्सी गंवा दी। अमरिंदर सिंह को आम आदमी पार्टी के अजीत सिंह कोहली ने करारी शिकस्त दी है।
सुखबीर सिंह बादल : शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल भी चुनाव हार गए हैं। वह जलालाबाद से चुनाव लड़ रहे थे। आम आदमी पार्टी के जगदीप कंबोज ने बादल को मात दी।
प्रकाश सिंह बादल : शिरोमणि अकाली दल के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी लंबी सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुदियान ने पराजित कर दिया।  
अश्वनी शर्मा : पठानकोट सीट से पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने चुनाव लड़ा था। वह अपनी सीट बरकरार रखने में कामयाब रहे। सात हजार वोट से उनकी जीत हुई है।
बिक्रम सिंह मजीठिया : शिरोमणि अकाली दल के नेता और नवजोत सिंह सिद्धू के प्रखर विरोधी बिक्रम सिंह मजीठिया भी अमृतसर ईस्ट से चुनाव हार गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts