मथुरा में रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर बोला हमला
समाज बनाने के लिए भी हो राजनीतिः राजनाथ सिंह
मथुरा।रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में शनिवार को कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। हमारा मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं होनी चाहिए बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने इस दौरान कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हमारी सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवालिया निशान लगते हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैं तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं कि उन्होंने उत्तर प्रदेश बहुत अच्छी कानून और व्यवस्था दी है। गुंडे और माफिया आजकल जेल में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मथुरा की धरती पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मस्थली है। उनके अंत्योदय के दर्शन को हम सभी मानते हैं। उन्होंने कहा कि आज बसंत पंचमी है। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूँ और आपके मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।
मथुरा के बलदेव विधानसभा क्षेत्र के फरह स्थित दीनदयाल धाम में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जो दिशा दीनदयाल उपाध्याय ने दी है, उसी के अनुरूप भाजपा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी जी के नेतृत्व की सरकार में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की मान प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले दुनिया हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी। लेकिन दावे के साथ कह सकता हूं कि आज भारत कमजोर भारत नहीं है। जब भारत का कोई बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। दुनिया समझती है कि भारत बोल रहा है, इसका कोई मतलब होता है।
उन्होंने कहा कि हमने सारी दुनिया को साफ संदेश दे दिया कि भारत कमजोर नहीं है। दुनिया की कोई ताकत हमारी तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगी तो हम इस पार और उस पार जाकर भी मार सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को बात समझ नहीं आ रही है। हमारे भारतीय सेना के जवानों के शौर्य पराक्रम पर सवालिया निशान लगाया जा रहा है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। जवानों के बुलंद हौसले देखता हूं, तो पूरी तरह आश्वस्त होता हूं कि कोई भी दुनिया की ताकत भारत के मान-सम्मान को चोट नहीं पहुंचा सकती।
No comments:
Post a Comment