यूपी विधानसभा चुनाव-2022
पहले चरण का मतदान आज
- योगी सरकार के नौ मंत्रियों की साख दाव पर
लखनऊ।यूपी में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए 10 फरवरी यानी गुरुवार को होने वाले पहले चरण के मतदान होगा। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के 11 जिलों की 58 सीटों पर गुरुवार सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होना है उनमें शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा हैं। पहले चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार को रवाना होंगी।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की शुरुआत गुरुवार से होगी। कल पहले चरण के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर उम्मीदवारों का भविष्य वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगा। नतीजे एक साथ 10 मार्च को आएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 58 में से 53 सीटों पर जीत मिली थी। कृषि कानून विरोधी आंदोलन के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने सपा और रालोद गठबंधन की कड़ी चुनौती है।
पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार
पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि 810 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। सबसे ज्यादा 15-15 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर और मथुरा सीटों पर हैं। सबसे कम पांच प्रत्याशी अलीगढ़ की इगलास (सुरक्षित) सीट पर हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 58 सीटों में से 53 भाजपा, दो-दो सपा व बसपा और एक राष्ट्रीय लोक दल ने जीती थी।
पहले चरण में योगी सरकार के नौ मंत्रियों की भी परीक्षा होगी। इनमें चीनी उद्योग एवं गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक शामिल हैं।

No comments:
Post a Comment