बांदीपोरा में पुलिस पार्टी पर आतंकी हमला
एक पुलिसकर्मी शहीद, चार घायल
जम्मू (एजेंसी)। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शुक्रवार दोपहरबाद आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर ग्रेनेड हमला कर दिया। इसमें चार पुलिस कर्मी घायल हो गए और एक बलिदान हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमले के तुरंत बाद पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने इलाके को घेर कर सघन तलाशी अभियान छेड़ दिया है। लेकिन अभी किसी आतंकी का पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि हमलावर आतंकी आसपास ही कहीं छिपे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बांदीपोरा के निशात पार्क के पास सीआरपीएफ की एक संयुक्त पार्टी रुटीन गश्त पर थी। तभी पहले से घात लगाए आतंकियों ने जवानों पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। जब तक जवान जवाबी कार्रवाई करते तब तक आतंकी आबादी वाले इलाके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इस हमले में चार जवान घायल हो गए। घायलों में एक ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। बलिदान हुए जवान का नाम जुबेह अहमद शाह है। हमले के तुरंत बाद निशान पार्क इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया। वहां पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवान चप्पे चप्पे की तलाश शुरू कर दी है।
आशंका है कि छिपे आतंकियों से रात तक मुठभेड़ शुरू हो सकती है। इस हमले की जिम्मेदारी अभी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन यह करतूत लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन टीआरएफ की हो सकती है। बहरहाल मामले की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment