भदोही से भाजपा ने दो 'नाथों' को घोषित किया पार्टी प्रत्याशी

रविंद्रनाथ भदोही से दीनानाथ बने औराई सुरक्षित से प्रत्याशी

भदोही (प्रभुनाथ शुक्ला) । भाजपा ने एक बार फिर अपने वर्तमान विधायकों पर भरोसा जताया है। पार्टी ने भदोही विधानसभा और औराई सुरक्षित से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भदोही से रविंद्रनाथ त्रिपाठी और औराई (सुरक्षित) से दीनानाथ भास्कर को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि अभी ज्ञानपुर विधानसभा सीट पर कोई फैसला नहीं हो पाया है। समझा जा रहा है निषाद पार्टी से गठबंधन की वजह से वह सीट उलझन में फंसी है।
पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र की घर वापसी के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि भदोही या ज्ञानपुर से रंगनाथ मिश्रा को भाजपा टिकट दे सकती है। टिकट की घोषणा न होने से समर्थकों में संशय की स्थिति बनी थी। क्योंकि 10 फरवरी से भदोही में चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। जिसकी वजह से पार्टी समर्थक उलझन में थे। लेकिन आखिरकार पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। जनपद की तीन विधानसभा सीटों में दो की स्थिति साफ हो गई है जबकि ज्ञानपुर की स्थित उलझी है। हालांकि रंगनाथ मिश्रा की भाजपा में घर वापसी से पार्टी की स्थिति बेहद मजबूत होगी।



भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी को भाजपा ने दूसरी बार चुनावी मैदान में उतारा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में रविंद्र नाथ त्रिपाठी को 33 फ़ीसदी से अधिक वोट हासिल हुए थे। उन्हें कुल 79519 मत मिले थे जबकि उनके निकटतम उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के जाहिद जमाल बेग को 32 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल हुए थे। बेग को 78414 वोट मिले थे। रविंद्रनाथ त्रिपाठी समाजवादी उम्मीदवार जाहिद बेग से बेहद कड़े मुकाबले में जीत हासिल की थी। उन्होंने कुल 1105 मतों से विजय हासिल की थी। जबकि तीसरे पायदान पर पूर्व मंत्री एवं बसपा उम्मीदवार रंगनाथ मिश्र थे। तकरीबन 24 फ़ीसदी वोट हासिल हुए थे। कुल 56,555 वोट उन्हें मिले थे। उस समय रंगनाथ मिश्र बहुजन समाज पार्टी में थे लेकिन हाल ही में उन्होंने भाजपा में घर वापसी की है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपने बेहद करीबी और विश्वासपात्र जाहिद बेग पर दूसरी बार भरोसा जताया है। भदोही में रविंद्रनाथ त्रिपाठी और जाहिद बेग के बीच कड़ा मुकाबला है। सत्ता और विकास कार्यों का लाभ रविंद्र नाथ त्रिपाठी को कितना मिल पाता है यह देखना होगा।
भाजपा  औराई (सुरक्षित) विधानसभा से पूर्व मंत्री दीनानाथ भास्कर को दूसरी बार अपना उम्मीदवार बनाया है। 2017 में यहां दीनानाथ भास्कर का सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी की मधुबाला पासी से था। दीनानाथ भास्कर को यहां 83325 वोट मिले थे जिसका फीसद 40.44 था। उन्होंने 19779 वोटों से जीत हासिल किया था। समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार मधुबाला पासी को 30.84 फिसदी यानी कुल 63,546 वोट मिले जबकि बसपा के बैजनाथ गौतम तीसरे नंबर पर रहे। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts