उत्तराखंड का विकास सर्वोच्च प्राथमिकताः पीएम मोदी

देहरादून। देहरादून के परेड मैदान में पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड का विकास डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीते 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। यहां की सरकार इन्हें धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि इसी को आगे बढ़ाते हुए आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया गया है। बीते वर्षों की कड़ी मेहनत व अनेक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ये दिन आया है। मैंने केदारपुरी के बाद देहरादून से दोहरा रहा हूं। ये परियोजनाएं इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएंगी। जो लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का क्या फायदा है, वह देख सकते हैं, कैसे ये सरकार विकास की गंगा बहा रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
पीएम ने कहा कि दस साल में देश में जो घोटाले हुए, उसकी भरपाई के लिए हम दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं। आज भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश के इरादे से आगे बढ़ रहा है। आज भारत की नीति दोगुनी तेजी से काम करने की है। 21वीं सदी के इस कालखंड में कनेक्टिविटी का एक ऐसा महायज्ञ चल रहा है जो भारत को विकसित देशों की संख्या में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 2007 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 600 करोड़ रुपये के केवल 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया। जबकि हमारी सरकार ने अपने 7 वर्षों में उत्तराखंड में 12,000 करोड़ रुपये के 2,000 किलोमीटर से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। आज प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। 
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदर्शनी का निरिक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने 18,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकर्पण किया।
हमारे देश के कुछ स्वार्थी दल दीमक के समान हैंः धामी
सीएम धामी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में हमारी सरकार जनता के प्रति विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। हमने पांच महीने में 500 से ज्यादा फैसले लिए हैं। आज हमारी सेना दुश्मन को उसके घर में जाकर मारने का काम करती है। सीमा पर हमारे जवान दुश्मन की गोली का जवाब गोली से देते हैं। हमारे देश के कुछ स्वार्थी दल दीमक के समान हैं। उन्होंने सिर्फ अपने परिवार का भला किया और देश को खोखला करने का काम किया है। ये सिर्फ चिकनी-चुपड़ी बातें करते हैं। हमें इनसे सावधान रहने की जरूरत है। जिन्होंने उत्तराखंड का विरोध किया था वो अब उत्तराखंडियत की बात कर रहे हैं। इन्हें वोट की चोट से ही जवाब दिया जा सकता है। हमारा एक ही ध्येय है- उत्तराखंड का विकास।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts