आईसीयू में आग लगने से 11 की मौत
अहमदनगर (एजेंसी)।महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें 11 कोरोना रोगियों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने आग लगने की घटना की विस्तृत जांच का आदेश दिया है। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बताया जा रहा है कि यहां कोरोना रोगियों का इलाज चल रहा था। आग में झुलसे लोगों को पास के एक अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाया।
अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र के अहमदनगर शहर में जिला सिविल अस्पताल के आईसीयू में शनिवार को भीषण आग लगने से कम से कम 11 कोरोनो वायरस रोगियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। 
आग शनिवार सुबह 11.30 बजे के आसपास लगी। इस दौरान आईसीयू वार्ड में 20 लोग मौजूद थे, इनमें से कुछ वैंटिलेटर पर भी थे। हॉस्पिटल के वार्ड बॉय, नर्स और डॉक्टर्स ने सभी मरीजों को सेफ वार्ड में शिफ्ट किया। जानकारी के अनुसार जिस वार्ड में आग लगी, वह अस्पताल के बिलकुल बीचो-बीच है। आग लगने पर पहले अस्पताल के अग्निशमन यंत्र से इस पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन यह कोशिश नाकाम रही। इसके बाद अहमदनगर नगर निगम और एमआईडीसी दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।
पीएम और राहुल गांधी ने जताया शोक
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक प्रकट किया है। पीएम मोदी ने कहा- महाराष्ट्र के अहमदनगर के एक अस्पताल में आग लगने से हुए लोगों की मृत्यु से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हो। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि अहमदनगर के एक अस्पताल में आग लगने से लोगों की मौत देखना दुखद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts