अब गुंडों का दमन करने वाली सरकारः सीएम योगी
शामली। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शामली के अपने दौरे पर सोमवार को कैराना का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां से पलायन करने के बाद वापसी करने वाले व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। सीएम योगी आदित्यनाथ शामली के कैराना में 2016 में प्रवास के बाद लौटे कैराना निवासियों से मिले। कैराना में कई परिवार 2016 में दूसरे समुदाय की धमकियों के कारण पलायन कर गए थे।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से कहा कि प्रदेश में अब आपकी सरकार है। यह सबकी सरकार है। प्रदेश में अब कानून का राज चल रहा है। सभी अपराधी या तो जेल के अंदर हैं या फिर ऊपर चले गए हैं। कैराना का माहौल अब पहले से काफी बेहतर हो गया है। यहां पर तो शातिर अपराधी अपने आप ही सरेंडर कर रहे हैं। उनको पता है कि अब उनको सत्ता से कोई भी सरंक्षण नहीं मिलेगा। अब उनकी सारी गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगी है। इनकी अवैध संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं।
अब यहां पर गुंडागर्दी जरा सी भी नहीं होगी। अब प्रदेश में गुंडों को शरण देने वाली नहीं उनका दमन करने वाली सरकार काम कर रही है। यह देखकर अच्छा लगा की माहौल बेहतर होने के कारण यहां से पलायन करने वाले भी अब वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा कि कैराना में ही पीएसी कैंप की स्थापना का संदेश भी स्पष्ट है कि यह सबकी सरकार है, कोई गुंडा-माफिया हावी नहीं हो सकता और प्रदेश में केवल कानून का राज चलेगा।
कैराना के पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना से पलायन कर वापस लौटे विजय मित्तल के आवास पर दोपहर का भोजन किया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कैराना में हिंदू परिवारों पर अत्याचार हुए तभी लोग यहां से पलायन करने को मजबूर हुए। अब सरकार की कोशिश है कि लोग अपने पूर्वजों की भूमि पर रहें और अपनी संस्कृति एवं व्यापार को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से कैराना के विषय में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। पीड़ित परिवारों को सरकार मुआवजा भी देगी। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा भी थे।
रामपुर की विरासत को संरक्षित किया जा रहा
रामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने रामपुर की विरासत को खत्म करने का प्रयास किया। भारत विरासत का देश है और हर हाल में दुनिया की सबसे प्राचीन विरासत को सुरक्षित और संरक्षित करने का दायित्व भी हम सब पर है। इन साढ़े चार साल में हमने प्रदेश में कानून का राज कायम किया। गुंडे माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए या जेल में बंद हैं। किसी भी भूमाफिया को गरीब, वंचित, व्यापारी एवं गरीब की संपत्ति को कब्जा नहीं करने देंगे, इसलिए हम यहां आए हैं।

No comments:
Post a Comment