सप्ताह में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को खुल रहे आंगनबाड़ी केंद्र
जल्द ही मंगलवार को भी शुरू होंगी गतिविधियां
हापुड़, 08 नवंबर, 2021। कोविड के चलते लंबे समय से बंद सामुदायिक गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू की जा रही हैं। सप्ताह में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही मंगलवार को भी गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है। यह बातें सोमवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश तिवारी ने कहीं। उन्होंने कहा अभी तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित गतिविधियां शुरू नहीं की जा सकी हैं। सप्ताह में केवल दो दिन केंद्र खोले जा रहे हैं। दरअसल छोटे बच्चों को संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है और अभी बच्चों का कोविडरोधी टीकाकरण भी नहीं हो सका है, इसलिए कोविड प्रोटोकॉल के साथ धीरे-धीरे गतिविधियां शुरू की जा रही हैं।
जनपद में कुल 887 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों पर छह वर्ष तक के 12 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। शासन की गाइड लाइन के मुताबिक अभी सप्ताह में केवल दो दिन केंद्र खोले जा रहे हैं। सभी केंद्रों पर बच्चों के बैठने के लिए छह फीट की दूरी पर गोले बनाकर सीमित संख्या में ही लाभार्थियों को बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही केंद्रों पर मॉस्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही हर मंगलवार को भी गतिविधियां शुरू होंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा वेक्टर जनित रोगों के प्रकोप और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए गए हैं। दरअसल छोटे बच्चों के मामले में अतिरिक्त एहतियात की जरूरत होती है। उन्होंने बताया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में अति कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जा रहा है। 14 दिन तक एनआरसी में भर्ती रखकर बेहतर पोषण और जरूरी दवाएं दी जाती हैं।
बाक्स
आठ बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया
19 अक्टूबर से जनपद में शुरू हुए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के पहले दो सप्ताह में कुल 324 सैम बच्चे चिन्हित किए गए। इनमें से 46 बच्चों के घर जिला स्तरीय अधिकारियों ने विजिट की और उनका हाल जाना। इनमें से गंभीर श्रेणी के आठ बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया। यह अभियान 17 नवम्बर तक चलेगा।
No comments:
Post a Comment