वाहनों की कमी से रूबरू होना पड़ा यात्रियों को

रिस्की सफर करने से भी नहीं चूके लोग

एटा। दीपावली पर्व पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त रही। पर्व मनाने को उमड़ी यात्रियों की भीड़ के अतिरेक के आगे वाहनों की कमी से लोगों को रूबरू होना पड़ा। पर्व मनाने के उत्साह के चलते लोग रिश्की सफर करने से भी नहीं चूके। रोडवेज एवं प्राइवेट बसों के अलावा अन्य छोटे डग्गेमार चार पहिया वाहनों में भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठी एवं लटकी नजर आईं।



दीपावली पर्व पर समूचे शहर में हर मुख्य मार्ग पर महिला-पुरुषों की भीड़ रही। शुरू हुआ यात्रा करने का सिलसिला पर्व वाले दिन भी बदस्तूर जारी रहा। धनतेरस पर्व पर तो यात्रियों की भीड़ का आलम यह रहा कि रोडवेज बसों की व्यवस्था तो चरमरा ही गई साथ ही सैकड़ों की संख्या में संचालित प्राइवेट बसें एवं अन्य डग्गेमार वाहन भी यात्रियों को सहेजने में नाकाम रहे। रोडवेज की बसें दिल्ली रूट पर दौड़ती रहीं लेकिन फिर भी सवारियां इधर-उधर भटकती रहीं। यात्रा के लिए घरों से निकले लोग वाहनों की कमी से घंटों परेशान रहे। 

रोडवेज बस स्टैंड के अलावा जलेसर बस अड्डा, शिकोहाबाद बस स्टैंड, अलीगंज बस स्टैंड, गंजडुंडवारा बस स्टैंड के साथ-साथ अन्य डग्गेमार वाहनों के इंतजार में नन्नूमल चौराहा, पटियाली गेट, कैलाशगंज तिराहा, अलीगंज मोड़, शिकोहाबाद रोड सहित हर संपर्क मार्ग पर वाहनों के इंतजार में भीड़ लगी रही। मुसाफिर अपने-अपने घरों पर जल्दी पहुंचने की चाह में वाहनों की छतों पर भी चढ़ रहे थे तो वहीं महिलाएं एवं युवतियां वाहनों के अंदर घुसने के लिए गुहार करती दिखाई दीं। डग्गेमार वाहनों की चांदी रही। वाहनों में ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरकर मनचाहा किराया वसूल किया गया। दुपहिया वाहनों पर भी तीन से चार लोग तक सवार दिखाई दिए। वाहनों की किल्लत के साथ-साथ सड़कों पर अधिक भीड़ उमडऩे से हर संपर्क मार्ग पर पूरे दिन जाम जैसे हालात रहे।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts