हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
सीतापुर। चचेरे साले के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक पर बोलेरो सवार हमलावरों ने कई राउंड गोली दागकर हमला बोल दिया। युवक के सिर में तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर बोलेरो पर सवार होकर फरार हो गए। दुस्साहसिक घटना दोपहर एक बजे की है।
मिली जानकारी के मुताबिक बाइक सवार साले-बहनोई हरगांव-लहरपुर मार्ग से राही चौराहे से जलाली देहात मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में ककरहिया गांव में उन पर हमला हुआ। हमले का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि तालगांव थाना क्षेत्र के कंजा शरीफपुर निवासी हसीब उर्फ हाजी चचेरे साले शफीक अहमद के साथ बाइक से शनिवार सुबह 10 बजे घर से निकला था। वह दोनों 12 बजे के करीब हरगांव में तीर्थ के पास थे। यहां चाट-पकौड़ी खाने के बाद बाइक सवार साले-बहनोई घर लौट रहे थे। इस्माइलपुर (जलाली देहात) संपर्क मार्ग होकर अपने गांव कंजा शरीफपुर जा रहे थे। रास्ते में ककरहिया गांव के छोर में हसीब उर्फ हाजी ने बाइक राेकी और फोन पर काल को रिसीव कर बात करने लगा।
तभी उसके पीछे से बोलेरो आई और उसमें से चार-पांच लोग उतरते ही गाली-गलौज करने के साथ ही हसीब उर्फ हाजी पर तमंचों से फायर करने लगे। कई लोगों को देख साला शफीक अहमद मौके से भाग गया। हमलावरों के मौके से निकलने के बाद साला लौटा और देखा उसका चचेरा बहनाेई हसीब का सिर कई जगह से फट चुका है वह मर गया है। शफीक अहमद ने घर में खबर की। ग्रामीणों की खबर पर पहुंची पुलिस ने मृतक हसीब के शव व उसकी बाइक को कब्जे में लिया। कई ग्रामीणों से भी पूछताछ की है। मृतक का मोबाइल गायब है।
एसपी आरपी सिंह ने बताया, हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। वैसे मृतक हसीब उर्फ हाजी तीन भाइयों में सबसे छोटा है। इसकी कई वर्ष पहले शादी हुई थी। मृतक के बच्चे भी नहीं है। हमलावरों में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। इसमें कंजा शरीफपुर का प्रधान इसरार, जन्नू व कल्लू नाम हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर व मृतक पक्ष दोनों आपस में रिश्तेदार ही हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट व सर्विलांस टीमों के साथ ही चार थानाध्यक्षों को भी लगाया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts