सत्ता में आए तो 20 लाख युवाओं को देंगे रोजगार
बस में महिलाएं मुफ्त में करेंगी यात्रा
गोरखपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को गोरखपुर में कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो 20 लाख युवाओं को रोजगार देंगे। महिलाओं को रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। एक साल में रसोई गैस का तीन सिलेंडर फ्री में मिलेगा। आशा बहुओं और आंगनबाडी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढाकर 10 हजार रुपये किया जाएगा, संविदा कर्मियों को नियमित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में कांग्रेस की जमीन तैयार करने रविवार को गोरखपुर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भाजपा सरकार पर हमलावर रहीं। महंगाई और निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हमने रेलवे, हवाई जहाज और सड़कें दीं, लेकिन अब यह सब बिक रहा है। हमारी 70 साल की मेहनत को भाजपा ने सात साल में गंवा दिया।
प्रतिज्ञा रैली में बेरोजगारों की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि सरकारी क्षेत्र में दस लाख पद खाली हैं, लेकिन बेराजगारी से परेशान तीन युवा रोजाना आत्महत्या कर रहे हैं। हम सरकार में आए तो बीस लाख युवाओं को नौकरी देेंगे। संविदाकर्मियों को नियमित करने के साथ आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार रुपये किया जाएगा।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर हमला करने के साथ वादों की झड़ी लगा दी। मंच से गुरु गोरखनाथ की जयकार लगाने वाली प्रियंका गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद गोरखपुर में गुरु मत्स्येंद्र नाथ के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने का वादा किया।
भाजपा पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सपा-बसपा के नेता कहते हैं कि कांग्रेस भाजपा से मिली है। मैं मर जाऊंगी जान दे दूंगी, भाजपा के साथ कभी नहीं जाऊंगी। प्रियंका ने कहा कि अब नेताओं से सवाल होने चाहिए कि उन्होंने जो वादा किया था उसे कितना पूरा किया। प्रियंका ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला किया। बोला, प्रधानमंत्री जब आठ हजार करोड़ के जहाज से इटली जाते हैं तो मन में आता है कि देश की शोभा बढ़ा रहे होंगे, लेकिन हकीकत दूसरी है।

No comments:
Post a Comment