पटना। लंबी अवधि तक तारापुर विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व करने वाले व पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र रोहित चौधरी मंगलवार को जदयू में शामिल हो गए। रोहित पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के भाई हैं।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, शिक्षा मंत्री विजय चौधरी व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा विशेष रूप में मौजूद थे।
पार्टी की सदस्यता हासिल करने के बाद रोहित ने मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी भेंट की। मिलन समारोह में मौजूद जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि तारापुर में हो रहे उप चुनाव का परिणाम तो उनके मनोनुकूल आना ही था पर अब जीत का मार्जिन बढ़ जाएगा।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने इस मौके पर कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार बुलंदी से बढ़ रहा है। लोगों को इस बात का पता है। वह शकुनी बाबू से भी आग्रह करेंगे कि प्रचार के लिए निकलें। जदयू केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि शकुनी चौधरी का आशीर्वाद लेकर ही उनके पुत्र रोहित जदयू में आए हैं। उनके आने से तारापुर में जदयू की जीत का मार्जिन बढ़ेगा।
मिलन समारोह में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ नवीन कुमार आर्य चंद्रवंशी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजीव रंजन व प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा भी मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment