गलतियों को सुधार रहा 21वीं सदी का भारतः पीएम मोदी

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलीगढ़ के साथ प्रदेश तथा देश को दो बड़े तोहफे दिए। मंगलवार को प्रधानमंत्री ने राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही उत्तर प्रदेश डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड की कार्य प्रगति की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री ने अपने 40 मिनट के संबोधन में युवाओं को प्रेरणा देने के साथ उनमें जोश भी भरा। प्रधानमंत्री आगरा एयरपोर्ट पर विशेष प्लेन से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे।



प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अलीगढ़ व पश्चिमी यूपी के लिए बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है। हमारे संस्कार हैं, जब शुभ कार्य होता है तो अपने बड़े याद आते हैं।  प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं तो आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने भारत के भविष्य की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने अपने देश-विदेश की यात्राओं से मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया। राजा महेन्द्र प्रताप ने वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कॉलेज को अपनी पैतृक संपत्ति को दान करके बनाया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए जमीन भी राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने ही दी थी। आज मां भारती के अमर सपूत के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण उन्हेंं सच्ची कार्याजंलि है।
पीएम मोदी ने कहा कि 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। देश की आजादी के आंदोलन में कई महान व्यक्तित्वों ने अपना सब-कुछ खपा दिया। यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं को अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव हों या फिर राजा महेन्द्र प्रताप सिंह हों। आज की पीढ़ी को इनसे परिचित कराने का ईमानदार प्रयास आज देश में हो रहा है। आज देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसी कोशिशों को और गति दी गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं से कहूंगा कि जब भी उन्हेंं कोई लक्ष्य कठिन लगे, कुछ मुश्किलें नजर आएं तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह को जरूर याद कर लेना। राजा जिस तरह एक लक्ष्य लेकर भारत की आजादी के लिए जुटे रहे, वह आज भी हम सबको प्रेरणा देता है। आज मैं राजा महेन्द्रप्रताप जैसे के नाम पर बन रही यूनिवर्सिटी का शिलान्यास कर रहा हूं। यह मेरा सौभाग्य है।
उन्होंने कहा कि अभी तक लोग अपने घर की, अपनी दुकान की सुरक्षा के लिए अलीगढ़ के भरोसे रहते थे। क्योंकि अलीगढ़ का ताला अगर लगा होता था, तो लोग निश्चिंत हो जाते थे। कल तक जो अलीगढ़ दुकानों की रक्षा करता था, अब 21 वीं सदी में देश की सीमाओं की रक्षा करने का काम करेगा। यहां ऐसे आयुध बनेंगे।
उत्तर प्रदेश हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। यह तब होता है, जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है और जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ व उनकी टीम सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मंत्र लेकर प्रदेश को नई भूमिका के लिए तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उनको पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है, जिनको अभी तक इससे दूर रखा गया। उन्हेंं शिक्षा व सरकारी नौकरी में अवसर दिए जा रहे हैं।
चौधरी चरण सिंह के योगदान को भी सराहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में बदलाव का रास्ता स्वयं चौधरी चरण सिंह ने दशकों पहले दिखाया है। जो रास्ता चौधरी साहब ने दिखाया है, उससे किसानों को कितना लाभ हुआ, यह हम सभी जानते हैं। इस क्षेत्र की चिंता चौधरी साहब को थी, छोटे किसान के पास दो हेक्टेयर से कम जमीन है। हमारे देश में छोटे किसानों की संख्या 80 फीसद से ज्यादा है। दस किसानों में आठ किसान ऐसे हैं, जिनके पास छोटा जमीन का टुकड़ा है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि सभी छोटे किसानों का विकास किया जाए।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा महेन्द्रप्रताप सिंह विश्वविद्यालय का बटन दबाकर शिलान्‍यास किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौज़ूद रहीं। विश्वविद्यालय पर बनाई गई फिल्म दिखााई गई।
सहारनपुर में खुलेगा महारानी के नाम राज्य विविः योगी

अलीगढ़ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। कहा कि सहारनपुर में भी एक राज्य विश्वविद्यालय प्रस्तावित है। इसे महारानी के नाम पर खोला जाएगा। इसके अलावा मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने जा रहे हैं। योगी ने कहा आजादी की लड़ाई में इस क्षेत्र का नेतृत्व करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह को पश्विमी यूपी कभी याद नहीं करता। आज उनकी स्मृति में एक राज्य विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। डिफेंस कॉरिडोर और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय उन्हें आजादी के आंदोलन को हमेशा याद दिलाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts