पीएम ने किया रक्षा मंत्रालय के दो कार्यालयों का उद्घाटन नई दिल्ली (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बने रक्षा मंत्रालय के दो नए कार्यालयों का उद्घाटन किया। ये रक्षा कार्यालय परिसर दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो लोग सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के पीछे डंडा लेकर पड़े थे, वे इन प्रोजेक्ट पर बिल्कुल चुप रहते थे, जबकि ये भी सेंट्रल विस्टा का ही हिस्सा है। पीएम ने कहा कि 7,000 से अधिक सेना के अफसर यहां काम करते हैं और अब उनके लिए नई व्यवस्था बनाई गई है। पीएम मोदी ने कहा कि राजधानी की आकांक्षाओं के अनुरूप दिल्ली में नए निर्माण पर बीते वर्षों में बहुत जोर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों के आवास हों, अंबेडकर की स्मृतियों को सहेजने के प्रयास हों, अनेक नए भवन हों, इन पर लगातार काम किया है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल विपिन रावत (सीडीएस) और सशस्त्र बलों के प्रमुख शामिल रहे। पिछली इमारतें जर्जर अवस्था में थीं: राजनाथ सिंह इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछली इमारतें जर्जर अवस्था में थीं। हमारे अधिकारियों को काम करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जगह का सही उपयोग नहीं हो पा रहा था, यही कारण है कि इस परिसर को लाया गया है। अब 7,000 से अधिक श्रमिकों को इसमें समायोजित किया जा सकता है। ये परिसर 21वीं सदी की ज़रूरतों के हिसाब से बने हैं और यहां हर तरह की सुविधाएं भी हैं।
No comments:
Post a Comment