लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्रा की कथित खुदकुशी के मामले में हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद अब पूरे प्रकरण की जांच के लिए एडीजी कानपुर जोन भानु भाष्कर की अध्यक्षता में छह सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई है।
डीजीपी मुकुल गोयल का कहना है कि एसआइटी छात्रा की कथित खुदकुशी के पूरे मामले की जांच करेगी। एसआटी से एक माह में जांच रिपोर्ट तलब की गई है। एसआइटी में एक महिला पुलिस उपाधीक्षक भी शामिल हैं।
एसआइटी में एडीजी कानपुर जोन भानु भाष्कर के अलावा आइजी एटीएस जीके गोस्वामी, आइजी कानपुर रेंज मोहित अग्रवाल, एसपी मैनपुरी अशोक कुमार, एसटीएफ की आगरा यूनिट में तैनात एएसपी राकेश यादव व कानपुर देहात में तैनात पुलिस उपाधीक्षक तनु उपाध्याय शामिल हैं। छात्रा की कथित खुदकुशी मामले में पुलिस जांच और अब तक हुई कार्रवाई को लेकर हाई कोर्ट ने गहरा असंतोष जताया है।


No comments:
Post a Comment