30 सितम्बर तक चलेगा आयुष्मान पखवाड़ा
मुजफ्फरनगर 17 सितम्बर 2021।जनपद में आयुष्मान कार्ड पखवाड़ा चल रहा है, जिसके तहत शिविर लगाकर लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। बुधवार (16 सितम्बर) से शुरू हुए पखवाड़े में पहले दिन 602 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। पखवाड़ा 30 सितम्बर तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया-जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए जनपद में 15 दिन का विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसमें उन लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं जो सन् 2011 की जनगणना के आधार पर तैयार की गई सूची में शामिल हैं लेकिन अभी तक उन्होंने अपनाआयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है। इस अभियान में ऐसे परिवारों को विशेष रूप से लक्षित किया गया है जिन परिवारों के एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उन्होंने बताया-आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों की सूची प्रत्येक प्रधान, आशा एवं नगरीय क्षेत्र में वार्ड मेंबरों को उपलब्ध करा दी गई है। किसी भी लाभार्थी को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी साथ लाना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया-पखवाड़े के पहले दिन बुधवार (16 सितम्बर) को जनपद में 602 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्होंने ऐसे सभी लाभार्थियों से अपील की है जिनके नाम सूची में हैं वह अपने निकटतम शिविर में जाकर अपना कार्ड बनवा लें जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर वह योजना से लाभान्वित हो सकें। सीएमओ ने बताया-आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा अनुमन्य है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है।


No comments:
Post a Comment