समाजसेवी ने की लोगों से टीका लगवाने की अपील

मुजफ्फरनगर, 17 सितंबर 2021।कोरोना से निपटने के लिए जहां स्वास्थ्य विभाग ने भरसक प्रयास किए तो वहीं समाजसेवी भी इस जंग में पीछे नहीं हैं। शुक्रवार को चरथावल विकासखंड के गांव दधेडू कलां में कोरोना से बचाव एवं लोगों में कोरोना टीकाकरण को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए समाजसेवी हसीब गौर के सहयोग से एचजी कम्प्यूटर सेंटर पर टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 300 से अधिक लोगों का निशुल्क टीकाकरण किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) चरथावल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सतीश कुमार ने बताया- चरथावल विकासखंड के गांव दधेडू खुर्द में शुकवार को टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें टीकाकरण करने के साथ-साथ लोगों को इसके लिए जागरूक भी किया गया। शिविर में 300 से अधिक लोगों का निशुल्क टीकाकरण किया गया।

एएनएम कविता ने बताया-कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। यह देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं एवं अपने परिजनों का टीकाकरण कराकर कोरोना के विरुद्ध चल रही लड़ाई में अपना योगदान दें।

दधेडू खुर्द की आशा कार्यकर्ता मीना ने कहा कि कोरोना टीकाकरण को लेकर लगातार लोगों का विश्वास बढ़ता जा रहा है, जिससे जल्द ही देश में टीकाकरण का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीका पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा टीकाकरण के बाद भी मास्क और दो गज की दूरी जरूरी है।

कोरोना टीकाकरण शिविर में समाजसेवी हसीब गौर ने कोरोना से बचाव के लिए ग्रामीणों से टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग टीका लगवाने के लिए अपने क्षेत्रों में सभी लोगों को जागरूक करें। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। टीके को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर कतई ध्यान न दें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts