29 सितम्बर को  प्रियंका गांधी के दौरे के कारण बढ़ी अंतिम तिथि

 मेरठ।  उप्र में वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव का शंखनाद हो चुका है। सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर आए हैं। उप्र में तीन दशक से भी अधिक समय से सत्ता से बाहर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा  के नेतृत्व में अपनी जमीन तलाशने में जुटी हुई है। कांग्रेस ने पहले 25 सितंबर तक विधानसभा चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदारों से आवेदन पत्र मांगे थे, लेकिन प्रियंका गांधी के 29 सितंबर को मेरठ में प्रस्तावित संकल्प महारैली को देखते हुए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक बढ़ा दी है।

मेरठ जिला कांग्रेस के प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देशों पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने उप्र विधानसभा चुनाव के लिए पत्र जारी किया था। इसके अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदारों को 25 सितंबर तक फार्म भरकर जमा करने थे, लेकिन प्रियंका गांधी की 29 सितंबर को प्रस्तावित संकल्प महारैली के कारण अंतिम तिथि को आगे बढ़ाते हुए इसे 10 अक्टूबर कर दिया गया है। यानि अब 10 अक्टूबर तक चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदार आवेदन कर सकते हैं।

दावेदारों में उत्साह

हरिकिशन आंबेडकर ने बताया कि मेरठ जिले की सिवाल खास, सरधना, हस्तिनापुर सुरक्षित, किठौर विधानसभा पर चुनाव के लिए दावेदारों में उत्साह नजर आ रहा है। अब तक कई अवेदन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जिला प्रभारी अजीत कुमार डोला को मिल चुके हैं। 

इस बार आवेदन पत्र के साथ देने होंगे पार्टी फंड में 11 हजार रुपये

चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदार जिला स्तर पर जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष और प्रदेश स्तर पर संजय शर्मा और विजय बहादुर के पास फार्म जमा करा सकेंगे। हालांकि, जो आवेदन सीधे पीसीसी आएंगे, उन पर भी जिला व शहर संगठन की राय ली जाएगी। दावेदरों को आवेदन फार्म के साथ पार्टी फंड के लिए 11 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट, पे आर्डर या आरटीजीएस करना होगा। कुछ दिन पूर्व ही प्रियंका गांधी ने पार्टी के जिला व शहर संगठनों से भी पैनल लेने के लिए था। उन्होंने कहा था कि जिला और शहर संगठन स्क्रीनिंग के बाद पैनल को प्रदेश नेतृत्व को बढ़ाएं। उसके बाद वरीयता क्रम में स्पष्ट संस्तुति के साथ विधानसभावार दावेदारों का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। 

 1992 में लिए गए थे दो.दो हजार रुपये

कांग्रेस ने इससे पूर्व वर्ष 1992 में विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी करने वालों की दो.दो हजार रुपये की रसीदें पार्टी फंड के लिए कटवाई थीं। इसके बाद दावेदारों से सहयोग राशि नहीं ली गई। 29 वर्षों के बाद आवेदन पत्र के साथ 11 हजार रुपये पार्टी फंड में लिए जा रहे हैं।

प्रियंका गांधी 29 सितंबर को आएंगी मेरठ

कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी 29 सितंबर को मेरठ आएगी। वह मेरठ के भैंसाली मैदान से विधानसभा चुनाव की बिगुल फूकेंगी। सूबे में निकाली जाने वाली संकल्प यात्राओं का मेरठ से शुभारंभ करेंगी। इसकी तैयारियों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी जुट गए। बीते दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी रैली की तैयारियों का जायजा लेने मेरठ पहुंचे थे।  प्रत्येक विधान सभा से 25-25 बस,600 टै्रक्टर-ट्राली 500से अधिक निजी वाहन महारैली में आ सकते है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts