विधानसभा चुनाव में चार सौ सीट जीत सकती है सपा : अखिलेश
लखनऊ।समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मिशन-2022 के लिए गुरुवार को चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के लोग आज साइकिल पर हैं। सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है और इसी के चलते भाजपा की स्थिति काफी खराब है। हम 350 सीटें जीतने का दावा भले कर रहे हैं, लेकिन जनता में इतनी नाराजगी है कि वो सपा को 400 सीटें भी जिता सकती है। अखिलेश गुरुवार को जनेश्वर मिश्र की जयंती पर साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने की बात करने वाली भाजपा आज उनका स्वागत कर रही है। भाजपा जनता को कंफ्यूज करते-करते, खुद ही कंफ्यूज हो चुकी है, तभी अपनी पार्टी में अपराधियों का स्वागत कर रही है। भाजपा को इस बार चुनाव में प्रत्याशी नहीं मिलेंगे। अब चुनाव आ रहा है तो वह पिछड़ों, दलितों को लेकर झूठी घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। यह भी कहा कि भाजपा चुनाव में मेनिफेस्टो नहीं मनी फेस्टो बनाती है। भाजपा ने पूरे साढ़े चार साल बर्बाद किए हैं। मुख्यमंत्री को लैपटॉप चलाना नहीं आता है, इसलिए उन्होंने लैपटॉप नहीं बांटा है। उन्हें डीएनए के बारे में कोई जानकारी नहीं है, उन्हें तो डीएनए का फुल फॉर्म भी नहीं पता होगा।
No comments:
Post a Comment