ग्राम पंचायत सचिव ने करायी मुनादी, कार्ड बनवाने पहुंचे ग्रामीण 

बुलंदशहर। जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। जनपद में कार्ड विहीन लाभार्थियों के कार्ड बनाने के लिए विभाग द्वारा भीकमपुर में शिविर लगाया गया। जिसमें 72 लाभार्थियों के आयुष्मान (गोल्डन) कार्ड बनाए गए हैं। जनपद में बीते दिनों आयोजित पखवाड़े में करीब 9 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। 
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रोहताश यादव ने बताया बुधवार को जनपद के भीकमपुर में आयुष्मान भारत योजना के कार्ड विहीन लाभार्थियों के कार्ड की केवाईसी के लिए शिविर का आयोजन किया गया है,  जिसमें ग्राम पंचायत सचिव मौनू कुमार ने गांव में शिविर लगवाकर आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के बारे में मुनादी (माइकिंग) कराई। आयोजित शिविर में आयुष्मान भारत योजन के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गांव के 59 लाभार्थी पहुंचे। जनपद में आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को लक्षित करते हुए कार्ड बनाने के लिए गांव-गांव शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के निःशुल्क कार्ड बनाए जा रहे हैं, जबकि पहले लाभार्थियों से कार्ड बनाने के लिए शुल्क लिया जा रहा था। 
उन्होंने बताया आयुष्मान भारत योजना देश में कमजोर वर्ग के लोगों को मुफ्त में सालाना पांच लाख रुपये तक का उपचार मुहैया कराती है। इसमें कैंसर और दिल की बीमारी जैसी कई गंभीर बीमारियों के लिए सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है। जिस लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड है वह छोटी से लेकर बड़ी बीमारियों तक का इलाज अस्पताल में भर्ती होकर करवा सकता है। बीमारी की स्थिति में सभी मेडिकल जांच, ऑपरेशन, इलाज व दवा का खर्च इसके तहत कवर होता है। अगर कोई व्यक्ति कार्ड बनने से पहले से बीमार है तो भी उसका इलाज इस योजना के अंतर्गत होगा ।
बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहासू के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कुमार ने बताया पहासू क्षेत्र के गांव भीकमपुर में आयुष्मान भारत योजना के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में गांव के 59 लाभार्थियों के कार्ड बनाए गए। शिविर में आयुष्मान मित्र सर्वेन्द्र कुमार ने योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के पैनल में शामिल सरकारी व निजी चिकित्सालयों के बारे में जानकारी दी। 
जिला सूचना प्रबंधन सचिन भारद्वाज ने बताया जनपद बुलंदशहर की आयुष्मान भारत योजना की सूची में 2.16 लाख परिवार शामिल हैं, जिसमें अब तक कुल 2.42 लाख आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। जबकि आयोजित पखवाड़े में करीब 9.3 हजार कार्ड की केवाईसी हुई है। वहीं जनपद में योजना के तहत करीब 19.4 हजार लाभार्थी लाभांवित हुए हैं। जनपद में आयुष्मान भारत योजना के पैनल में 13 निजी अस्पताल शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts