प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों से की बात

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मध्यप्रदेश के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गरीब घरों की बेटियां भी हैं जो देश का मान बढ़ा रहीं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, 'उत्सवों के उत्साह के बीच हमें कोरोना को नहीं भूलना है। कोरोना की तीसरी लहर को आने से हमें ही रोकना है। मास्क, टीका और दो गज की दूरी, ये बहुत जरूरी है। हमें स्वस्थ भारत का संकल्प लेना है, समृद्ध भारत का संकल्प लेना है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले के सिस्टम में गरीब के बारे में सवाल भी खुद पूछते थे और जवाब भी खुद ही देते थे। जिस तक लाभ पहुंचाना है, उसके बारे में पहले सोचा ही नहीं जाता था। आजीविका पर दुनियाभर में आए इस संकट काल में ये निरंतर सुनिश्चित किया जा रहा है कि भारत में कम से कम नुकसान हो। इसके लिए बीते साल में अनेक कदम उठाए गए है और निरंतर उठाए जा रहे है।
प्रधानमंत्री ने कहा, 'आपदा कोई भी हो, उसका असर बहुत व्यापक होता है, दूरगामी होता है। कोरोना के कारण पूरी मानवता पर 100 साल में सबसे बड़ी आपदा आई है। कोरोना से उपजे संकट से निपटने के लिए भारत ने अपनी रणनीति में गरीब को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना हो या फिर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार योजना, पहले दिन से ही गरीबों और श्रमिकों के भोजन और रोजगार की चिंता की गई।' प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से बातचीत करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस संकटकाल में सरकार से जो मुफ्त अनाज मिला हर परिवार के लिए यह राहत है। लोगों से बातचीत में यह संतोष दिखा।'

No comments:

Post a Comment

Popular Posts