प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी बेटी को गोली से उड़ाया
- पत्नी ने दर्ज कराया पति के खिलाफ मुकदमा
- हत्यारोपी पिता हिरासत में
बदायूं। बदायूं में सोमवार तड़के आनर किलिंग का मामला उस वक्त सामने आया, जब प्रेमी के साथ घर से भागने की जिद पर अड़ी बेटी की उसके पिता ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में मृत बेटी की मां ने अपने ही पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने हत्यारोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।मामला बिल्सी के एक गांव का है। जहां रहने वाली 17 वर्षीय किशाेरी का गांव के ही युवक से तकरीबन डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी कई बार पिता की गैरमौजूदगी में प्रेमी के घर चली जाती थी। गांव में प्रेमी युगल की बातें होने पर पिता को यह बात नागवार गुजर रही थी। किशोरी प्रेमी के साथ रहने के लिए काफी दिनों से जिद पर अड़ी थी।
बताया जाता है, सोमवार को तड़के किशोरी चुपचाप प्रेमी से मिलने के लिए दबे पांव घर से बाहर जाने लगी। इसी बीच उसका पिता भी जाग गया। बेटी से तड़के घर से बाहर जाने का कारण पूछा तो उसने साफ शब्दों में प्रेमी के घर जाने की बात कही। पिता के समझाने वह नहीं मानी। इसी बात को लेकर पिता-पुत्री में विवाद होने लगा। बेटी घर से जाने की जिद पर अड़ी थी, बेटी की जिद के आगे आक्रोशित पिता कमरे से तमंचा निकाल लाया और उसके सिर में गोली मार दी। उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज होने पर आस पड़ोस के लोग नींद से जाग गए। मुहल्ले में खलबली मच गई।
लोगों ने घर जाकर देखा तो किशोरी खून से लथपथ हालत में मरी हुई पड़ी थी। किसी ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेते हुए किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर, पुलिस से मृतक किशोरी की मां की तरफ से ली गई तहरीर पर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
No comments:
Post a Comment