मेरठ। थाना किठौर क्षेत्र के एक गांव में घर में सो रही विधवा महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है।

दरअसल, किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर मे सो रही थी। इसी दौरान छत के रास्ते रात 2 बजे गांव निवासी अय्यूब पुत्र सदाकत उसके घर में कूद गया। जिसके बाद उसने विधवा महिला को काबू में करके उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर दिया।
आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद वह फरार हो गया। उसके जाने के बाद महिला ने शोर मचाया और डायल 112 पर सूचना दी। इस बाबत महिला ने रात में ही थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
इस बारे में किठौर थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला को चिकित्सा परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी की तलाश में दबिश जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts