पहले दिन बनाये गये 332 आयुष्मान कार्ड


मेरठ, 26 जुलाई 2021 । जनपद में सोमवार से आयुष्मान पखवाड़ा शुरू हो गया है। पहले  दिन शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के जनसुविधा  केन्द्रों पर लाभार्थियों ने आयुष्मान कार्ड बनवाये। पहले दिन 332 आयुष्मान कार्ड बनाये गये। यह अभियान नौ अगस्त तक चलेगा। पखवाड़े में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
आयुष्मान भारत योजना की नोडल अधिकारी डा. पूजा शर्मा ने बताया सोमवार से आयुष्मान पखवाड़ा शुरू हो गया है। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के जनसुविधा केन्द्रों पर लाभार्थियों ने कार्ड बनवाए। पहले दिन 332 आयुष्मान कार्ड बनाये गये । अभियान अगले माह नौ अगस्त  तक चलेगा । उन्होंने बताया पखवाड़े में लक्षित परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए आयुष्मान कार्ड कैम्प तक लाने एवं अधिकतम पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। इस अभियान में ऐसे परिवारों को लक्षित किया जाएगा, जिन  परिवारों  के  एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। जिले में सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयुष्मान मित्रों के द्वारा एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बीएलई द्वारा निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाये जा रहे हैं।  लाभार्थियों की ग्रामवार सूची संबंधित ग्राम सभा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गयी है। कैंप स्थल एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर बैनर लगाकर अभियान का प्रचार -प्रसार किया जा रहा है। संबंधित आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गांव के लाभार्थी परिवारों में आयुष्मान योजना की जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है ।
 डा. पूजा शर्मा ने बताया जिले में अभी कुल 2.58 लाख लाभार्थी हैं जिसमें से 15927 लाभार्थियों ने योजना का लाभ लिया है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा अनुमन्य है। योजना का लाभ प्राप्त करके के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है।
  निशुल्क बनाए जा रहे हैं आयुष्मान कार्ड
 सरकार की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ली जाने  वाली 30 रुपये की फीस को खत्म कर दिया गया  है। अब किसी लाभार्थी को कार्ड के लिये कोई फीस नहीं देगी होगी। कार्ड बनवाने के लिये लाभार्थी को आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिवार पंजिका की नकल व  प्रधानमंत्री का पत्र लेकर आना होगा। सिर्फ 2011 की आर्थिक जनगणना के अनुसार चयनित पात्रों के ही आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts