बीजेपी दफ्तर के बाहर से उनके शिलान्यास पट्ट को हटाया

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के हाथों हुए भाजपा के नगर सभा कक्ष के शिलान्यास पट्ट को शुक्रवार की सुबह हटा दिया गया। कैसरबाग स्थित भाजपा के महानगर कार्यालय के सामने ये शिलान्यास पट्ट लगा था, जिसे देखकर सभी कल्याण सिंह के इस कार्य को याद करते रहते थे । 
01 सितम्बर 1998 को तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भाजपा के तत्कालीन नगर अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी के आग्रह पर हाल बनाने के लिए कैसरबाग के नवीन मार्केट में एक स्थान दिलाते हुए स्वयं शिलान्यास किया था। उस अवसर पर तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कलराज मिश्र, कैबिनेट मंत्री लालजी टण्डन और नगर प्रमुख एससी राय भी मौजूद थे। 
शिलान्यास  के वक्त भाजपा की नगर इकाई और बाद में बनी नगर इकाइयां एवं महानगर इकाइयों ने यहां सभा कक्ष बनाने को लेकर कई बैठकें कीं। करीब 23 वर्ष बीतने के बाद भी सभा कक्ष तो नहीं बना लेकिन 23 जुलाई 2021 की सुबह अचानक से ठेके के मजदूरों द्वारा शिलान्यास पट्ट हटा दिया गया।

शिलान्यास  पट्ट हटाने में जुटे मजदूरों के मुताबिक,  उनको भाजपा के एक नेता ने मजदूर मंडी से बुलाया है और उन्होंने शिलान्यास पट्ट हटाकर अलग कर दिया है। शिलान्यास पट्ट के खाली होने वाली जगह पर एक कमरा बनाने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। 
स्थानीय लोगों ने  बताया कि कल्याण सिंह के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए कई कार्य हुए और उनमें से एक कार्य यह भी था, जो भाजपा के वर्तमान महानगर कार्यालय के सामने शिलान्यास पट्ट के रूप में लगा हुआ दिखता था। 
बता दें कि कल्याण सिंह को फायरब्रांड हिन्दू नेता कहा जाता रहा है और राममंदिर आंदोलन के समय मुख्यमंत्री रहते हुए उनके निर्णयों की उत्तर प्रदेश की जनता सदैव चर्चा करती है। इस समय कल्याण सिंह की तबीयत  नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार एसजीपीजीआई लखनऊ में चल रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts