लखनऊ में मौन धरने पर बैठीं प्रियंका

लखनऊ। कांग्रेस के मिशन उत्तर प्रदेश की शुरुआत करने लिए पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच गई। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर हजरतगंज तक प्रियंका वाड्रा का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और पुष्पाजंलि अर्पित की। यहां प्रियंका ने प्रदेश में फैले जंगलराज, पंचायत चुनाव में हुई हिंसा, महिला उत्पीड़न, ध्वस्त कानून व्यवस्था और भय के माहौल के खिलाफ मौन धरने पर बैठ गईं। करीब दो घंटे चले इस धरने के बाद वह कांग्रेस मुख्यालय रवाना हुईं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि मैंने मौन व्रत इसलिए किया क्योंकि उत्तर प्रदेश में संविधान नष्ट हो रहा है। लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कोरोना की दूसरी लहर में बहुत अच्छा काम करने का प्रमाण-पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकासवाद चल रहा है। यह कैसा विकासवाद है जब कोरोना की दूसरी लहर थी तब पंचायत चुनाव करवाए गए। कितनी ज्यादा मौतें हो गईं।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि आपने चुनाव कराए लेकिन परिणाम इच्छानुसार नहीं आए। जब जिला पंचायत और ब्लाक अध्यक्ष के चुनाव हुए तो हिंसा हुईं, महिलाओं के वस्त्र खींचे जा रहे थे। कही बम फट रहे थे। क्या सोच रहे थे आप कि जनता चुप रहेगी? विपक्ष चुप रहेगा? जिस तरह से लोकतंत्र पर वार हो रहा है वह कोई नई बात नहीं है।
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजे के बाद पहली बार लखनऊ आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। गांधी प्रतिमा पर घंटों इंतजार कर रहे कार्यकर्तओं का जोश उस समय चरम पर पहुंच गया जब वह राजभवन की तरफ से गांधी प्रतिमा पहुंचीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts