मेरठ। शुक्रवार की सुबह लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में 11 हजार की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार पुलिस को सूचना दिए बिना शव को सुपुर्द ए खाक करने की तैयारी में जुटा हुआ था। जानकारी के मुताबिक जामिया चौक निवासी अनीस के मकान में 10 दिन पहले ही रहीसु का परिवार किराए पर रहने के लिए आया था। बताया जाता है बृहस्पतिवार की रात रहीसु का 22 वर्षीय बेटा सुहेल सेकंड फ्लोर पर छत पर सोया था। शुक्रवार की सुबह जागने के बाद सुहेल फोल्डिंग मच्छरदानी को समेट रहा था। इसी दौरान मच्छरदानी में लगा लोहे का पाइप पास से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन विद्युत लाइन से टच हो गया। जिसके चलते सुहेल के शरीर में ब्लास्ट हुआ और वह उछलकर दूर जा गिरा। धमाके की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। बुरी तरह से झुलसे सुहेल को आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग लाश को लेकर घर वापस लौट गए। पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी थाने पर नहीं दी गई है। उधर दोपहर बाद परिवार के लोग शव को सुपुर्द ए खाक करने की तैयारी में जुटे थे।
No comments:
Post a Comment