जम्मू (एजेंसी)।जम्मू हवाई अड्डा परिसर (एयरफोर्स के टेक्निकल एरिया) में रविवार (27 जून) रात करीब दो बजे महज पांच मिनट के अंतराल में दो धमाके हुए। इसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि ये धमाके तकनीकी क्षेत्र में हुए। आशंका है कि हवाई अड्डे के पास विस्फोटों को अंजाम देने के लिए दो ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। बता दें कि जम्मू वायुसेना स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में रविवार तड़के दो कम तीव्रता वाले विस्फोटों की सूचना मिली। एक ने एक इमारत की छत को मामूली नुकसान पहुंचाया, जबकि दूसरा धमाका खुले क्षेत्र में हुआ। किसी भी उपकरण को कोई नुकसान नहीं हुआ। जांच चल रही है। सूत्रों के मुताबिक जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर ड्रोन से 04 बम गिराए गए, जिनमें से 02 में विस्फोट हुआ। घटनास्थल से शेल भी बरामद हुए हैं।इसके साथ ही जम्मू में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि इस साजिश को अंजाम देने के लिए पी-16 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है। ये ड्रोन काफी नीचे उड़ सकता है। इसकी वजह से कई बार यह रडार की नजर से भी बच जाता है। एनआईए की टीम और एनएसजी कमांडो एयरपोर्ट पहुंचे हैं। इसके साथ ही डीआईजी सीआरपीएफ भी वायुसेना स्टेशन पहुंचकर जांच में जुटे हैं।
No comments:
Post a Comment