श्मशान घाट पर अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित जागृति विहार में श्मशान घाट की जमीन पर अतिक्रमण हटाने गई निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित महिलाएं बुलडोजर के सामने लेट गईं। महिलाओं का कहना था, कि पहले श्मशान घाट की जमीन पर बने मंदिर को हटाया जाए। उसके बाद अतिक्रमण को हटाया जाए। महिला पुलिसकर्मियाें ने सख्ती दिखाते हुए महिलाओं को बुलडोजर के सामने से उठाया। इसके बाद टीम ने अतिक्रमण हटाया। नगर निगम का प्रवर्तन दल प्रभारी सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार बालियान, संपत्ति अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में जागृति विहार सेक्टर 6 स्थित श्मशान घाट पहुंचा। निगम की टीम के पहुंचते ही महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया और टीम को गेट के अंदर नहीं घुसने दिया। टीम बुलडोजर लेकर आगे बढ़ी तो महिलाएं जमीन पर ही लेट गई। महिलाओं ने पहले नोटिस नहीं देने का आरोप लगाया। जब निगम अधिकारियों ने नोटिस दिखाया तो महिलाएं पहले अवैध रूप से बने मंदिर को तोड़ने की मांग करने लगी। महिलाएं नहीं मानी तो उन्हें हटाने के लिए महिला पुलिसबल को मौके पर बुलाया गया। महिला पुलिस ने सख्ती कर महिलाओं को गेट से हटाया। इस दौरान हंगामे की स्थिति रही। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान श्मशान घाट के अंदर अतिक्रमण कर बनाए गए आधा दर्जन मकानों को गिरा दिया। वहीं, अवैध रूप से निर्मित विवादित मंदिर को नगर निगम सील करने की कार्रवाई की योजना बना रही है। शक्ति सिंह मलिक, लेखपाल राजकुमार मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment