मेरठ ।एक महिला ने गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। इस मामले की तहरीर पीड़िता ने मवाना थाने में दी है। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के चार बच्चे हैं। चार साल पहले बीमारी के चलते महिला के पति की मौत हो गई। इसके बाद वह मजदूरी कर अपना और बच्चों का पालन पोषण कर रही थी।
करीब दो साल पहले उसके घर ड्राइवरी करने वाला गांव का ही युवक रहने लगा और उसने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। भरोसा दिया कि वह शादी कर इन बच्चों को भी अपने साथ रखेगा। इसके बाद आरोपी ने दो साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने जब उस पर शादी का दबाव बनाया तो उसके घर वालों ने गांव में एक पंचायत की जिसमें भी युवक ने उसके साथ शादी करने का आश्वासन दिया था। उसके बाद भी जब उसने उससे शादी नहीं की तो महिला ने करीब 10 दिन पहले एक प्रार्थना पत्र मवाना थाने में दिया। इस बात का पता चलने पर युवक गुरुवार देर रात उसके घर में घुस आया और बेल्ट से मारपीट करने लगा। जान से मारने की नियत से चाकू से हमला भी किया। शोर शराबा सुन बच्चे जाग गए और उन्होंने भी शोर मचाया। मोहल्ले के लोगों को इकट्ठा होते देख वह उसको धमकी देते हुए फरार हो गया। महिला ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment