कौशाम्बी।  कड़ा धाम कोतवाली के रुकुनपुर गांव के बाहर शुक्रवार की रात दावत खाने निकले युवक की धारदार हथियार से प्रहार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। खून से सने शव को खेत में फेंक कर हत्यारे भाग निकले। शनिवार को लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। शिनाख्त कराने के बाद पुलिस ने मृतक की माँ की तहरीर पर हत्या का मुक़दमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
कड़ा धाम कोतवाली के कमालपुर निवासी गुड्डू (30) पुत्र बचऊ मुम्बई में रहकर काम करता था। करीब डेढ़ माह पहले वह मुम्बई से लौटा था। शुक्रवार की शाम घर से करीब छह बजे लेहदरी गांव के लिए निकला। यहां उसकी रिश्तेदारी भी है। रात में वह दावत खाकर लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इससे परिजन परेशान थे। गुड्डू की पत्नी, उसके तीन छोटे भाई सब परेशान थे। शनिवार की सुबह गुड्डू का शव रुकुनपुर गांव के सामने खेत में मिला। सीने के अलावा चेहरे पर ताबड़तोड़ प्रहार किया गया था। शव मिलने की जानकारी होने पर एएसपी समर बहादुर, सीओ सिराथू मौके पर पहुंचे। 
शाम ढलते शव की हुई पहचान 
शनिवार की सायं करीब 5 बजे शव की पहचान हुई, तो परिजनों में हाहाकार मच गया। घर में रोना-पीटना मच गया। पुलिस ने पूंछतांछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुड्डू की हत्या किसने और क्यों की, अब इसके कारणों का खुलासा करने में पुलिस जुटी है। 
कड़ा धाम प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह ने बताया, इस मामले में कई लोगों से पूंछतांछ की है। लेहदरी में जहां वह दावत खाने गया था, वहां के लोगों से भी घटना की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के निशाने पर कई लोग हैं। उनकी गतिविधियां खंगाली जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts