डेढ़ करोड़ लोगों का किया गया टीकाकरण, मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक
मेरठ मंडल में 35 नये ऑक्सीजन प्लांट लगाये जाएंगे, 10 प्लांट जनपद में लगेंगे

 

मेरठ, 16 मई 2021। मेरठ मंडल में 35 नये ऑक्सीजन प्लांट लगाये जाएंगे। प्रदेश सरकार ने डेढ़ करोड़ लोगों का टीकाकरण किया है। कोरोना की पहली व दूसरी लहर का मजबूती से मुकाबला किया है। यह बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेरठ में  कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने हापुड़ रोड स्थित बिजौली गांव का दौरा किया और वहां ग्रामीणों से उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबध में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मेरठ पहुंचे। वह पुलिस लाइन ग्राउंड में हेलीकाप्टर से पहुंचे। यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच सर्किट हाउस रवाना हुए। इसके बाद वह कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद कमिश्नरी सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। यहां के बाद योगी आदित्यनाथ मेरठ के गांव के  बिजौली गए।



मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि मेरठ मंडल में 35 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाये जाएंगे। इसमें 10 प्लांट मेरठ जनपद में लगाए जाने की तैयारी है। योगी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जा रही। ट्रेस टेस्ट ट्रीट पर ध्यान दिया जा रहा। कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या पहले से घटी है। उन्होंने सुविधाओं पर जोर देते हुए कहा कि पहला केस जब प्रदेश में आया था तो हमारे पास टेस्ट की सुविधा नहीं थी। लेकिन आज टेस्ट व ट्रेस लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस पहली बार चली थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरठ मंडल में 35 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी होगी।
उन्होंने कहा कि देश ने पहली लहर को मजबूती से लड़ा, लेकिन दूसरी लहर चुनौती दे रही है। पहली लहर में आशंका व्यक्त की गई थी कि उत्तर प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस एक लाख के पार जाएंगे लेकिन 67 हजार तक अधिकतम रही। महाराष्ट्र और दिल्ली में जब केस बढ़े तो विशषज्ञों ने चिंता व्यक्त की कि एक लाख से ज्यादा केस हर रोज यूपी में आएंगे लेकिन कोरोना योद्धाओं के साहस और लोगों के सहयोग से प्रदेश में 37 हजार तक अधिकतम रहा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों के अंदर एक्टिव केस कम हुए हैं। पहले केस आने पर प्रदेश में टेस्ट की सुविधा नहीं थी लेकिन आज 2.5 से तीन लाख तक टेस्ट कर सकते हैं। बेड की संख्या भी जरूरत के हिसाब से बढ़ायी गयी। प्रदेश में आने वाले समय में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। मेडिकल किट जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में निगरानी समितियां बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की भी समितियां बनाई गई है। इसपर कोरोना के लहर से लेकर मरीजों की सावधानियों पर चर्चा की जाती है। टीकाकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। डेढ़ करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। 50000 युवाओं को मेरठ में टीका लगाया जा चुका है । कल से 23 जनपदों में टीकाकरण का काम शुरू होने जा रहा है। 15 करोड़ अंत्योदय कार्ड धारकों को मुफ्त राशन देने का कार्य आगे बढ़ाया गया है। रिक्शा चालक, ई रिक्शा चालक व लेवर ग्रुप के लोगों को भरण पोषण देने की व्यवस्था बनाई गई है।
ब्लैक फंगस से निपटने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप
 मुख्यमंत्री ने कहा कि समितियों के माध्यम से प्रदेश में तीसरी लहर से लड़ने की योजना बनाई गई है। जागरूकता को लेकर भी समितियां काम कर रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा हमेशा मरीजों को जानकारी दी जा रही है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से लोगों में कोरोना को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने बताया ब्लैक फंगस से निपटने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाया है।
पुलिस लाइन में कोविड अस्पताल का किया उद्घाटन
पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री ने यहां पर पुलिसकर्मियों के लिए बने कोविड अस्पताल का उद्घाटन किया। यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ 50 बेड का ऑक्सीजन युक्त अस्पताल बनाया गया है। योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कोविड-19 हास्पिटल का निरीक्षण किया। वहां पर अभी तक कोई भी पुलिसकर्मी भर्ती नहीं था सिर्फ एक चिकित्सक मौजूद मिला। मुख्यमंत्री ने चिकित्सक से सारी जानकारी ली।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts