मेरठ। बुधवार की सुबह दिन निकलते ही परतापुर थाना क्षेत्र के उद्योगपुरम स्थित पावर लूम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग बुझाई। घटना में लाखों का कपड़ा और मशीनें जलकर राख हो गईं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शहर के रहने वाले अंकुर जैन की परतापुर उद्योगपुरम में अंकुर हैंडफैब के नाम से कपड़े की चादर बनाने की फैक्ट्री है। अंकुर के मुताबिक बुधवार की सुबह क्षेत्रवासियों ने फैक्ट्री से धुआं निकलता देखा तो मामले की जानकारी अंकुर को दी। घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास अंकुर मौके पर पहुंचे। मगर तब तक धुंआ भीषण आग में तब्दील हो चुका था। उधर, क्षेत्रवासियों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद परतापुर फायर स्टेशन से एक के बाद एक फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़कर लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री और गोदाम में लगी आग बुझाई। अंकुर के मुताबिक आगजनी की घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपए का कपड़ा और धागा जलकर राख हो गया। वहीं कई मशीनों में भी भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। उधर, जांच के दौरान यह भी पता चला है कि फैक्ट्री में आग बुझाने के उपकरण नहीं थे। जिसके चलते शुरुआत में आग पर काबू नहीं पाया जा सका और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर बिग्रेड के अधिकारियों ने जांच के बाद फैक्ट्री मालिक के खिलाफ भी कार्यवाही की बात कही है।
No comments:
Post a Comment