हेलीकाप्टर से लेकर आएंगे दुल्हनिया


शामली। करीब ढाई फीट कद के अजीम मंसूरी की दुआ अल्लाह ने कुबूल कर ली है। हापुड़ के एक गांव की लड़की के साथ उनका रिश्ता तय हो गया है। अजीम और परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। शादी धूमधाम से अगले साल करेंगे और दुल्हनिया को हेलीकाप्टर से लेकर आएंगे। अजीम की मानें तो अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और डिंपल यादव भी बरातियों में शामिल होंगे।
कैराना के मोहल्ला जोड़वा कुआं बाजार निवासी करीब ढाई फीट कद के 26 वर्षीय अजीम मंसूरी पिछले पांच साल से शादी के लिए मन्नत मांग रहे हैं। पिछले दिनों वह शादी की गुहार के साथ शामली के महिला थाने पहुंचे थे। उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद रिश्ते आने शुरू हो गए। शुरुआत में दिल्ली, गाजियाबाद और गजरौला से रिश्ता आया था। 
अजीम के चाचा नौशाद मंसूरी व निसार मंसूरी ने बताया कि हापुड़ के एक गांव से अजीम का रिश्ता आया था। लड़की अजीम के बराबर कद की है। परिवार वालों ने लड़की पसंद करके रिश्ता तय किया है। हालांकि उन्होंने यह बताने से मना कर दिया कि हापुड़ के किस गांव से रिश्ता हुआ है। 
उधर, अजीम मंसूरी ने कहा है कि लड़की उन्होंने देखी है, जो उन्हें पसंद हैं। उनका कहना है कि मेरी शादी अखिलेश यादव की सरकार बनने के बाद वर्ष 2022 में होगी। अखिलेश यादव हेलीकाप्टर से आएंगे। हेलीकाप्टर में ही मेरी बरात जाएगी। हेलीकाप्टर में वह खुद, अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और डिंपल यादव जाएंगे। शादी के बाद सबसे पहले पत्नी का पासपोर्ट बनवाऊंगा और फिर सऊदी अरब में मक्का शरीफ और खाना काबा लेकर जाऊंगा। अजीम ने लड़की का नाम अहलिया बताया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts