भाजपा कार्यकर्ता कर रहे लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहासू पर गुरुवार को 175 वृद्धों ने लगवाया टीका
बुलंदशहर। जनपद में भाजपा कार्यकर्ता कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक और प्रेरित कर रहे हैं। गुरुवार को बुलंदशहर के सांसद डा. भोला सिंह के प्रतिनिधि मनोज गर्ग ने क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहासू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शिविर लगाकर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया। इसके लिए अस्पताल में कार्यकर्ताओं ने अलग से हेल्प डेस्क बनाई, जहां पर उन्होंने कोरोना से बचाव का टीका लगवाने वालों को फूलमाला पहना कर उनका उत्साह वर्धन किया।
जनपद में कोरोना से बचाव के लिए तीसरे चरण का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए सरकार के साथ भाजपा का संगठन भी आगे आया है। भाजपा कार्यकर्ता कोरोना टीकाकरण बूथों पर जाकर हेल्पडेस्क लगाकर लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
पहासू के सांसद प्रतिनिधि मनोज गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिए कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए अब भाजपा ने खुद भी जिम्मेदारी संभाली है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर 60 साल से ऊपर और 45 साल से ऊपर के सहरुग्णता वाले लोगों को जागरूक करेंगे। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर कोरोना से बचाव का टीका लगवाएंगे, जिससे कोई भी गरीब, बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति टीका लगवाने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा की तरफ से हेल्प डेस्क सुबह नौ से शाम पांच बजे तक काम करेगी। कार्यकर्ता रजिस्ट्रेशन कराकर लोगों को जागरूक करेंगे, उन्हें कोरोना से बचाव का टीका लगवाएंगे और उन्हें सम्मानित भी करेंगे। चिकित्सकों की हेल्प भी करेंगे। उसी दौरान उन्होंने टीकाकरण रूम में जाकर चिकित्सकों को फूल देकर सम्मानित किया। इसके अलावा जो लोग कोरोना से बचाव का टीका लगवा रहे थे, उनको फूलमाला पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर डा. देवराज, कुमारी रचना, सरोज गौड़, काजल, आरती सागर, अब्दुल खान, अनिल कुमार, भाजपा कार्यकर्ता पदम् सिंह तोमर, श्रीपाल सिंह, विनय गंगल, विजय राघव, रिंकू शर्मा पूर्व सभासद, परवेंद्र देशवाल सहित दर्जनों लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
पहासू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. मनोज कुमार ने बताया गुरुवार को कोरोना टीकाकरण बूथ पर 175 वृद्धों को टीका लगाया गया। टीका लगवाने वाले सभी व्यक्ति स्वस्थ हैं किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया टीका लगने के बाद भी सभी से कोरोना प्रॉटॉकाल का पालन करने की अपील की गयी है।



No comments:
Post a Comment