बीजेपी नेता का नाम आया सामने

 

बागपत। मेरठ में बीजेपी नेता द्वारा अवैध रूप से एनसीईआरटी की नकली किताबों के छापने का मामला सामने आने के बाद अब बागपत में अवैध रूप से संचालित पेट्रोल पंप पकड़ा गया है। इसमें भी एक बीजेपी नेता का नाम सामने आ रहा है।दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर अवैध तरीके से संचालित तेल के मिनी पंप पर प्रशासन की टीम ने छापा मारा। टैंक में १०० लीटर तेल मिला है। पंप संचालक भंडारण की अनुमति नहीं दिखा पाया। पूर्ति विभाग ने तेल की जांच के लिए सैंपल लिया है। जांच से स्पष्ट होगा कि इंडस्ट्रियल ऑयल या मिश्रित डीजल की बिक्री की जा रही थी। मिनी पंप संचालन में भाजपा के एक नेता का नाम भी सामने आया है।
अवैध तरीके से मिनी डीजल पंप संचालन का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीम हरकत में आई। एसडीएम सदर अनुभव कुमार, आपूर्ति विभाग के एआरओ मेरठ सूर्य प्रताप पाठक, सीओ ओमपाल सिंह, तहसीलदार प्रसून कश्यप, जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप ने दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर केले के गोदाम के निकट संचालित जीशान के मिनी पंप पर छापा मारा। अधिकारियों के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। तेल के टैंक में करीब १०० लीटर तेल बचा हुआ था।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप ने बताया कि टैंक में इंडस्ट्रियल ऑयल है या मिश्रित डीजल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। विभाग ने मिनी पंप या तेल भंडारण की अनुमति नहीं दी है। गोदाम सील कर दिया गया है। तेल का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच से स्पष्ट होगा कि कौन से तेल की बिक्री की जा रही थी।

 
पंप संचालक जीशान भंडारण की अनुमति नहीं दिखा पाया। इसके बाद गोदाम सील कर दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप का कहना है कि भंडारण की अनुमति और बिक्री के बिल भी नहीं दिखाए गए हैं।पंप संचालक जीशान का कहना है कि वह मुंबई से मशीनों में प्रयुक्त होने वाला इंडस्ट्रियल ऑयल मंगाता है और फैक्टरियों को सप्लाई करता है। डीजल की बिक्री नहीं करता। जीएसटी नंबर से पक्के बिल पर फैक्टरियों को तेल गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts