कंकरखेड़ा में पिता-पुत्र को गोली मारी
March 13 2020


मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की टीकाराम कॉलोनी में होली पर हुए विवाद के बाद बुधवार देर शाम पिता-पुत्र को गोली मार दी गई। चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। दोनों घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है। पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया है।
टीकाराम कॉलोनी निवासी संजय (40 वर्षीय) और उसका बेटा चीकू (22 वर्ष) एक बुटिक सेंटर में टेलर हैं। जानकारी के अनुसार, होली वाले दिन मोनू ने संजय की पेंट फाड़ दी थी। इसे लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। हालांकि उस वक्त कुछ लोगों ने मामला शांत करा दिया था। इससे मोनू रंजिश माने हुए था। संजय बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर से बाइक लेकर मेरठ आ रहा था। घर से मात्र सौ मीटर दूरी पर चार हमलावरों ने संजय को घेर लिया और उसके हाथ पर डंडा मारा। संजय बाइक सहित गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उसके पैर में गोली मार दी। चीख-पुकार सुनकर संजय का बेटा चीकू मौके पर आया। हमलावरों ने चीकू को भी पैर में गोली मार दी। इसके बाद संजय की पत्नी अनीता मौके पर आई। अनीता के साथ मारपीट करके हमलावर फरार हो गए।
आसपास लोगों की मदद से एक घायल को कैलाशी हॉस्पिटल और दूसरे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में सोनू, मोनू, छोटू सहित चार के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि बाकी हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं

No comments:

Post a Comment

Popular Posts