उत्तर-प्रदेश की राजधानी में दो मरीजों को हुई कोरोना की पुष्टि
मुरादाबाद-नोएडा में मिले संक्रमित, संख्या पहुंची 25
न्यूज़ प्रहरी टीम लखनऊ,। चीन का कहर कोरोना वायरस उत्तर प्रदेश में भी अपने पांव तेजी से पसार रहा है। प्रदेश में शनिवार को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ने कोरोना वायरस पर जांच रिपोर्ट दी है। जिसमें दो केस पॉजिटिव हैं। एक पीडि़त नोएडा तथा दूसरा मुरादाबाद का है। इन दोनों को मिलाकर अब उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 25 हो गई है।मुरादाबाद में फ्रांस से लौटी एक युवती में कोरोना वायरस पॉजिटिव की पुष्टि है। युवती 15 मार्च को फ्रांस से स्वदेश आई थी। फ्रांस से लौटी महिला योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री के भतीजे की पत्नी है। यूं तो वह बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर में रहती है लेकिन, उसका पैतृक घर उन्नाव के शुक्लागंज में है।
फ्रांस से दिल्ली आने के बाद एयरपोर्ट से सीधे उसे वहीं छत्तरपुर में ले जाया गया था। छत्तरपुर में जांच के बाद उसे 17 तारीख की शाम को आइसोलेट रहने के लिए कहा गया था। चूंकि ट्रेन और हवाई यात्रा की तत्काल मनाही की गई थी, लिहाजा दिल्ली से सबसे नजदीक होने से वह मुरादाबाद अपने ननिहाल आ पहुंची। मुरादाबाद में उसे 19 तारीख को बुखार महसूस हुआ। सरकारी एम्बुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांड़े में भर्ती किया गया। यहां से ब्लड सैंपल किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज, लखनऊ टेस्ट के लिए भेजा गया था। शनिवार की सुबह ब्लड रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अफसर डॉक्टर डीके प्रेमी युवती की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को रिपोर्ट मिलने के बाद पीडि़त के पूरे घर को सैनिटाइज किया जा रहा है। युवती के संपर्क में करीब 12 लोग अब तक आए थे। सबको आइसोलेशन में रखा गया है। युवती फ्रांस में इन दिनों में पढ़ाई कर रही थी।
गौतमबद्धुनगर में कोरोना वायरस का पांचवां मामला सामने आने के बाद खलबली मच गई है। गौतमबद्धुनगर में नोएडा सेक्टर-74 स्थित सुपर टेक कैपटाउन सोसायटी में कोरोना वायरस से संक्रमित युवक मिला है। पीडि़त दस दिन पहले पत्नी के साथ यूरोप से लौटा था। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा और उन्हें सेल्फ आइसोलेट करने की नसीहत दी थी। सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि जिसको आइसोलेशन पर रखा गया था और अब रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसकी पत्नी का सैंपल भी जांच के लिए भेजकर उन्हें भी आइसोलेशन वार्ड में रखा है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डीएम बीएन सिंह ने सोसायटी को शनिवार प्रात दस बजे से सोमवार प्रात सात बजे तक अस्थायी रूप सील करने के आदेश दिए हैं। इस अवधि तक सोसायटी से कोई भी बाहर नहीं आ जा सकेगा। सिर्फ आपातकालीन स्थिति में ही व्यक्ति व वाहन को अंदर आने जाने दिया जाएगा।
नोएडा में इससे पहले चार पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें एक सेक्टर-78, दूसरा सेक्टर-100 व तीसरा सेक्टर- 41 में पाया गया था। इसके अलावा एक केस दिल्ली का है, वह नोएडा की कंपनी में काम करता है। विभाग ने उसे भी अपने रिकॉर्ड में शामिल किया हुआ है। तीनों मरीजों को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
लखनऊ, नोएडा और कानपुर होंगे सैनिटाइज
मुख्यमंत्री ने लखनऊ, नोएडा व कानपुर शहर को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया है। नगर विकास विभाग को शहरी इलाकों में नियमित फॉगिंग करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों सहित राज्य की सीमा पर सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पुलिस को पूरे प्रदेश में व्यापक गश्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी स्थल पर लोग इकट्ठा न हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरी सावधानी बरतना आवश्यक है। केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा किए जा रहे प्रबंधों के क्रियान्वयन में जनसहयोग की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने सभी धर्माचार्यों व धर्मगुरुओं से कोरोना वायरस के नियंत्रण के लिए समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment