पटना में पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, ब्लॉक प्रमुख के पति पर भी बरसाईं गोलियां
बाइक सवार चार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, करीब एक दर्जन राउंड चलीं गोलियां; राजनीतिक रंजिश की आशंका, पुलिस की छापेमारी जारी
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर में रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु और प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल पैक्स अध्यक्ष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिंटू कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका दानापुर के सगुना मोड़ स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
दलान पर बैठे थे दोनों, बचाने आए पिंटू को भी मारी गोली
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब नौ से दस बजे के बीच संजीत कुमार और पिंटू कुमार अपने दलान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की।
गोलीबारी के दौरान पैक्स अध्यक्ष को बचाने के लिए पिंटू कुमार आगे आए, लेकिन बदमाशों ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां संजीत कुमार ने दम तोड़ दिया। पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी है और उनका इलाज जारी है।
मौके से खोखे बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से नमूने एकत्र किए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
राजनीतिक रंजिश के एंगल से जांच
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को हमलावरों की पहचान के संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



No comments:
Post a Comment